बीकानेर के इंदिरा गांधी नहर से किसान लाखों लीटर पानी चोरी कर रहे हैं। इस संबंध में नहर इंजीनियर ने छत्तरगढ़ थाने में पानी चोरी का मामला दर्ज करा दिया है। दरअसल, अपनी बारी का पानी लेने के बाद भी किसान तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर पानी की चोरी करते हैं, जिससे अंतिम छोर पर बैठे किसान को उसके हक का पानी नहीं मिल पा रहा है। इंदिरा गांधी नहर के रेगुलेशन उपखंड के भोपालपुरा ब्रांच के असिस्टेंट इंजीनियर अशोक कुमार माली ने छत्तरगढ़ थाने में नामजद मामला दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि देवीलाल, हुंताराम, जगदीश और ओम देवड़ा आदि मिलकर नहर से पानी चोरी कर रहे हैं। अवैध रूप से साइफन लगाकर पानी निकाला जा रहा है, जिससे अंतिम छोर के किसानों को पानी नहीं मिल रहा है। इंजीनियर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति को देखा, इसके बाद मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बीएनएस 326 (ए) सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कराया है। दरअसल, बीकानेर के खाजूवाला और छत्तरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में अवैध रूप से साइफन लगाकर पानी चोरी किया जाता है। इसके लिए बड़े पाइप नहर में डालकर वहां से पानी खींच लिया जाता है। हर रोज लाखों लीटर पानी चोरी हो जाता है। इस आशय के मामले पहले भी छत्तरगढ़ सहित अनेक थानों में दर्ज हो चुके हैं।


