इंदौर आईजी ने देखी पुलिस बटालियन की जमीन:बोले- रास्ते से निकला तो देखने आया, फैसला शासन का; आवंटित है 105 एकड़ भूमि

विधानसभा सत्र के दौरान पुलिस बटालियन का मुद्दा उठने के बाद बुधवार को इंदौर आईजी अनुराग और डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा खंडवा पहुंचे। अधिकारियों ने ग्राम सुरगांव निपानी में नेशनल हाईवे से लगी 105 एकड़ सरकारी जमीन का निरीक्षण किया। यह जमीन गृह विभाग को पुलिस बटालियन के लिए आवंटित है। निरीक्षण के दौरान आईजी ने स्पष्ट किया कि वे बुरहानपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में जमीन देखने रुके। बटालियन की स्थापना और स्वीकृति का अंतिम निर्णय शासन स्तर पर ही होगा। सुबह 10 बजे मौके पर पहुंचे आईजी ने स्थानीय अधिकारियों से शहर, मार्केट, स्कूल और अस्पताल की दूरी को लेकर सवाल किए। एसपी मनोज राय, एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी और सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि जमीन से महज 100 मीटर दूर नेशनल हाईवे है। यहां से सिहाड़ा मार्ग के जरिए आनंद नगर, निजी-सरकारी स्कूल और मेडिकल कॉलेज पास ही हैं। हाईवे बनने से इंदौर, खरगोन, हरदा, वडोदरा और नागपुर की कनेक्टिविटी भी बेहतर रहेगी। जमीन उबड़-खाबड़, बीच से निकला नाला
सर्वे के दौरान अधिकारियों ने पाया कि जमीन उबड़-खाबड़ है और इसके बीच से एक बरसाती नाला गुजर रहा है। साथ ही, दोनों तरफ से हाईटेंशन लाइन भी निकली है, जो दुविधा बन सकती है। अधिकारियों ने संकेत दिए कि बटालियन के लिए करीब 60-70 एकड़ समतल जमीन की जरूरत होती है। फिलहाल बटालियन का कोई प्रस्ताव नहीं है। शासन की स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद ही आगे की रणनीति बनेगी। ‘बुरहानपुर जा रहा था, तो जमीन देख ली’
निरीक्षण के दौरान अपनी विजिट को लेकर आईजी ने कहा, “मैं तो बुरहानपुर जा रहा था, रास्ते से निकला तो सोचा कि जमीन देख ली जाए कि कैसी हैं। बाकी बटालियन की स्थापना और स्वीकृति का काम तो शासन का हैं।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *