एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बाद शासकीय डेंटल कॉलेज में भी रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एमडीएस प्रथम वर्ष के 6 विद्यार्थियों ने सीनियर छात्राओं पर मानसिक प्रताड़ना और अनुचित दबाव बनाने के आरोप लगाए। शिकायत में बताया गया कि सीनियर छात्राएं उन्हें सुबह तय समय से पहले कॉलेज बुलातीं, डिपार्टमेंट खोलने का काम करातीं और छुट्टी के बाद देर तक बैठाए रखती थीं। जूनियरों को सीनियर के बाद ही खाना खाने और बिना अनुमति कॉलेज परिसर से बाहर न जाने का दबाव बनाया जाता था। विद्यार्थियों ने यूजीसी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी से जांच कराई। जांच के दौरान तीन सीनियर छात्राओं को 15 दिनों के लिए सस्पेंड किया गया और उनसे लिखित रूप में भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन लिया गया। कार्रवाई की जानकारी यूजीसी को भी भेजी गई।


