इंदौर के बाणगंगा इलाके में बुधवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग सुपर कॉरिडोर इलाके के टिगरिया बादशाह स्थित अवंतिका नगर की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी। इसकी जानकारी नजदीक स्थित अन्य फैक्ट्रियों के चौकीदार ने दी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में भयावह रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, जिस इलाके में आग लगी, वहां आसपास कई केमिकल और अन्य सामान बनाने वाली छोटी फैक्ट्रियां हैं। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग के फैलने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग बुझाने के लिए नगर निगम ने फैक्ट्री का शेड तोड़ने के लिए जेसीबी भी मंगाई है।


