इंदौर की एक मासूम बच्ची ऐसी बीमारी से पीड़ित है। जिसके इलाज का इंजेक्शन ही 9 करोड़ रुपए का आ रहा है। ये इंजेक्शन भी अमेरिका से आएगा। इसके लिए परिवार के लोग पैसा जमा करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। जगह-जगह पोस्टर लगा रहे हैं, ताकि लोग उनकी मदद कर सके और उनकी बच्ची का इलाज हो सके। बता दें कि अभी तक क्राउड फंडिंग के माध्यम से सवा करोड़ रुपए के करीब जमा हो चुके हैं। इंदौर की मासूम बच्ची के लिए कुछ सेलिब्रिटी भी आगे आए हैं। एक्टर सोनू सूद ने भी एक वीडियो जारी कर लोगों से बच्ची की मदद करने की अपील की है। वहीं कुछ दिनों पहले बिग बॉस की आवाज विजय विक्रम सिंह ने भी इस बच्ची के लिए जनता से अपील की थी। अब परिवार के लोग सलमान खान, अक्षय कुमार और कपिल शर्मा जैसे सेलिब्रिटी से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, ताकि उनकी बच्ची के लिए फंड जमा हो सके। इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में प्रवीण शर्मा, उनकी पत्नी सारिका शर्मा अपनी 2 साल 11 महीने की बच्ची अनिका शर्मा के साथ रहते हैं। अनिका को SMA type-2 नामक दुर्लभ बीमारी है। जो कि 10-12 लाख बच्चों में से किसी एक को होती है। इसमें बच्चे की कोशिकाएं धीरे-धीरे कमजोर होकर मरती है, जिससे की बच्चा ना बैठ सकता है, ना ही चल सकता है। एक ही जगह पड़े रहना, उसकी नियति हो जाती है। बताया जा रहा है कि अपने देश में अभी तक 17 मामले हैं। परिजन ने बताया कि बच्ची को इंदौर की एक डॉक्टर को दिखाया था, जिसके बाद उन्होंने सारी जांचें करवाई। जांच पॉजिटीव आने के बाद भोपाल और वहां से दिल्ली एम्स भी गए। परिवार के लोगों का कहना है कि इस बीमारी का इलाज भारत में नहीं है। इसका इलाज अमेरिका में ही। इस बीमारी के लिए एक इंजेक्शन आएगा, जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपए है। इसके लिए परिवार के लोग अनीश पांडे के साथ मिलकर क्राउड फंडिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को भी इन लोगों ने रणजीत हनुमान मंदिर की प्रभातफेरी में जगह-जगह पोस्टर बैनर लगाकर लोगों की मदद से फंड जमा किया। सेलिब्रिटी कर चुके हैं मासूम बच्ची के लिए अपील एक्टर सोनू सूद ने वीडियो जारी कर कहा कि एक छोटी बच्ची है, जिसका नाम अनिका शर्मा है, जो कि इंदौर की बच्ची है। इसे एक बीमारी है। हमने बहुत सारे बच्चों के लिए फंड जमा करके जाने बचाई है। बच्ची को SMA type-2 बीमारी है, जिसमें इंजेक्शन लगता है, जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपए है। एक परिवार के लिए इतनी राशि जमा करना बहुत मुश्किल है, इसलिए हम सब मिलकर कॉन्ट्रीब्यूट करेंगे। ये राशि उनके माता-पिता तक पहुंचाएंगे। क्योंकि ये इलाज होना बहुत जरूरी है। आप लोगों से जो भी कॉन्ट्रीब्यूट हो सकता है वह करें। ताकि हम अनिका शर्मा और माता-पिता को नया जीवन दे पाए। ये जंग मिलकर ही जीती जा सकती है। आज ही डोनेशन करें। बिग बॉस की आवाज विजय विक्रम सिंह ने भी की अपील वहीं बिग बॉस की आवाज विजय विक्रम सिंह ने कहा कि छोटी-सी अपील है। दो साल की बच्ची अनिका शर्मा, इंदौर की है, जो इस समय SMA टाइप-2 नामक बीमारी से जूझ रही है। उसके इलाज के लिए एक इंजेक्शन की जरूरत पड़ती है, जो अमेरिका से आता है और काफी महंगा है। इसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपए है। उसकी मदद के लिए एम्स दिल्ली ने एक ऐप बनाई है, जिसके जरिए आप उसके इलाज के लिए योगदान कर सकते हैं। इस दुर्लभ बीमारी से बचाने के लिए अनिका की मदद करें। हिंदुस्तान में ऐसे 17 मामले हैं। लाखों लोगों में से किसी एक को यह बीमारी होती है। ऐप डाउनलोड कर बच्ची की मदद करें।


