ग्रेटर बृजेश्वरी इंदौर स्थित कोठारी कॉलेज में शनिवार को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जर्मनी की लीड डेटा साइंटिस्ट रागिनी जैन ने विदेश में कॅरियर बनाने को लेकर मार्गदर्शन दिया। रागिनी जैन ने बहुत रोचक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभवों और कॅरियर जर्नी को छात्रों के साथ साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे सही शिक्षा और मार्गदर्शन के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॅरियर बनाया जा सकता है। इस कार्यशाला का संचालन कॉलेज की फैकल्टी रुचि चोविशया जैन ने किया। रागिनी जैन ने इंदौर से इंजीनियरिंग और IIT मद्रास से MBA किया है। वर्तमान में जर्मनी में डेटा साइंटिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। कार्यक्रम के दौरान रुचि चोविशया ने रागिनी जैन से कई दिलचस्प सवाल किए, जिनमें उनके कॅरियर, जर्मनी में नौकरी के अवसर और डेटा साइंस में नई तकनीक और विदेश में रहकर शाकाहार पालन आदि विषयों पर चर्चा की गई। छात्रों ने भी अपने कॅरियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका रागिनी ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया और उन्हें उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की डायरेक्टर साधना जैन ने रागिनी जैन का सम्मान करते हुए उनकी सफलता की सराहना की। कॉलेज के सीएमडी सुरेश कोठारी ने रागिनी जैन को शुभकामनाएं दी और कहा कि ऐसी कार्यशालाएं छात्रों को प्रेरणा देती हैं और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। कार्यशाला में छात्रों और फैकल्टी का उत्साह देखते ही बन रहा था।


