इंदौर के खजराना से लापता एक 14 वर्षीय नाबालिग समीर का शव रविवार दोपहर इलाके में ही मिला है। वह शनिवार शाम से लापता था। परिवार के लोगों ने रात में थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। खजराना पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टार चौराहे के पास एक मैदान के नजदीक बने कुएं में एक शव पड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। समीर के परिवार में उसका एक भाई है। उसके पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को समीर का इलाके में रहने वाले कुछ नाबालिगों से विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


