इंदौर के तिलक नगर उपाश्रय में एक विशेष धार्मिक आयोजन प्रारंभ हुआ है। इसमें 150 से अधिक जैन साधु-साध्वियों के सामूहिक सान्निध्य में भगवान महावीर स्वामी की वाणी और उनके ग्रंथों का वाचन किया जा रहा है। जिन हेमचंद्र सागर सूरि जी के मार्गदर्शन में यह विशेष आयोजन दो सत्रों में आयोजित किया जा रहा है, सुबह 9 से 11 बजे तक और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक। इस अवसर पर साधु-साध्वी भगवान महावीर स्वामी की वाणी के माध्यम से आत्मा के विकास पर विशेष प्रवचन दे रहे हैं। प्रवीण गुरुजी, महेंद्र गुरुजी, देवेंद्र झवेरी, विकास जैन और संदीप पोरवाल के अनुसार यह आयोजन जैन समाज में विशेष महत्व रखता है। उपाश्रय में न केवल आस-पास के क्षेत्रों से बल्कि दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु गुरुवर का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ-साथ प्रवचनों का लाभ भी ले रहे हैं।


