मध्य प्रदेश में इंडिगो की उड़ानों के कैंसिल होने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। ग्वालियर से इंडिगो की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं- बॉम्बे से ग्वालियर और ग्वालियर से बॉम्बे की उड़ानें कैंसिल हैं। इंदौर एयरपोर्ट पर आज आने और जाने वाली 13 फ्लाइटें रद्द रहेंगी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों की तुलना में यह संख्या कम है। सोमवार को इंदौर से 18 उड़ानें रद्द हुई थीं, जबकि रविवार को 24 से अधिक उड़ानें कैंसिल हुई थीं। इंडिगो ने बताया है कि उड़ानों का संचालन जल्द ही पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार आज मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन प्रभावित है। पिछले तीन दिनों से निरस्त हो रहीं पुणे, जयपुर और अन्य शहरों की उड़ानें आज संचालित हो रही हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा है कि एयरलाइंस के नंबर जारी किए गए हैं और एक हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। स्थिति जल्दी सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि ट्रैवल एजेंटों का कहना है कि परेशानी अभी भी बरकरार है। 7 दिन में 155 से ज्यादा फ्लाइटें कैंसिल 3 दिसंबर से इंदौर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। अब तक 155 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। आज 13 उड़ानें रद्द हैं, सोमवार को 18, रविवार को 24, शनिवार को 34 और शुक्रवार को 36 उड़ानें रद्द हुई थीं। इंदौर की 70% उड़ानें इंडिगो संचालित करती है इंदौर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली लगभग 70% उड़ानें इंडिगो की हैं। इसलिए क्रू की समस्या होने पर सबसे अधिक प्रभावित इंदौर की उड़ानें ही हुईं। बाकी 30 प्रतिशत उड़ानों का संचालन एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अलायंस एयर और स्टार एयर करती हैं। एयरलाइंस अधिकारियों का कहना है कि नियमित उड़ानों का संचालन सुचारू है और रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या लगातार कम हो रही है। अगले सप्ताह तक सभी उड़ानें सामान्य रूप से चलने लगेंगी। इंदौर से 74 उड़ानें इंडिगो संचालित करती है इंदौर एयरपोर्ट से 95 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं, जिनमें से 74 उड़ानें इंडिगो द्वारा संचालित की जाती हैं। एयर इंडिया 12 उड़ानें चलाती है, जो अधिकांशत: दिल्ली और मुंबई के लिए हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस भी 12 उड़ानें संचालित करती है, जिनमें दिल्ली के लिए दो तथा पुणे, गोवा, बेंगलुरु और शारजाह के लिए एक-एक उड़ान शामिल है। स्टार एयर गोंदिया और अहमदाबाद के लिए उड़ानें संचालित करता है। अलायंस एयर के पास दिल्ली की एकमात्र उड़ान है। शेष सभी उड़ानें इंडिगो द्वारा संचालित की जाती हैं।


