इंदौर निगमायुक्त ने किया सिरपुर तालाब का निरीक्षण:बोले-तालाब के कैचमेंट और ग्रीन बेल्ट में ना हो अतिक्रमण, एसटीपी प्लांट का काम जल्दी पूरा करें

नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल बुधवार को निगम के अधिकारियों के साथ शहर की महत्वपूर्ण रामसर साइट सिरपुर तालाब पहुंचे। आयुक्त ने अधिकारियों से तालाब की वर्तमान स्थिति, संरक्षण के कामों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने तालाब में फैली जलकुंभी को शीघ्र हटाने, कैचमेंट एरिया को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई करने, सिरपुर तालाब के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने, तालाब में खाद्य सामग्री न डाली जाए इसलिए नागरिक को समझाइए देने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब क्षेत्र एवं ग्रीन बेल्ट में किसी भी प्रकार की अवैध कॉलोनी अथवा अतिक्रमण को रोकने के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाने के निर्देश भी दिए। आयुक्त ने सिरपुर तालाब परिसर में स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर एवं 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का भी निरीक्षण किया। एसटीपी प्लांट में स्थापित स्काडा सिस्टम, लैब सहित संपूर्ण प्लांट की कार्यप्रणाली को भी देखा। उन्होंने एसटीपी परिसर एवं आसपास व्यापक पौधारोपण करने तथा प्लांट से प्राप्त ट्रीटेड वाटर का उपयोग ड्रिप सिंचाई के माध्यम से पौधों में करने के निर्देश दिए। बता दें कि सिरपुर तालाब के समीप निर्मित 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट से वर्तमान में शहर के 14 उद्यानों एवं 10 हाइड्रेंट को रि-यूज वाटर की आपूर्ति की जा रही है। एसटीपी प्लांट का शेष कार्य पूर्ण होने के बाद इसे पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शेष काम जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *