इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन प्रोजेक्ट में रेलवे ने सबसे चुनौतीपूर्ण और सबसे बड़ी 8.6 किमी टनल का काम शुरू कर दिया है। बागली तहसील में कमलापुर गांव के पास बन रही इस टनल (टनल-2) में तीन महीने से ज्यादा समय में रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने करीब 150 मीटर हिस्से में काम कर लिया है। अगले तीन सालों में इस टनल का काम पूरा करने का टारगेट है। टनल के साथ ही बाकी हिस्से में भी काम होगा, ताकि तय समय में प्रोजेक्ट पूरा किया जा सके। आरवीएनएल के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार महज दो महीने में टनल के 100 मीटर हिस्से में काम कर लिया था। अब 150 मीटर तक काम हो चुका है, यह बड़ी उपलब्धि है। तेजी से काम किया जा रहा है। इसके अलावा इस प्रोजेक्ट में 1.24 किमी की एक टनल और है जिसका काम रेलवे आने वाले दिनों में करेगा। सिर्फ टनल के प्रोजेक्ट की लागत 1 हजार करोड़ रुपए है। इधर, टनल के साथ ही रेलवे ने करीब 100 किमी हिस्से में अलग-अलग सेक्शन में काम शुरू कर दिया है। अंडरपास, ब्रिज का काम रेलवे कर रहा है। 2030 तक इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का टारगेट रखा गया है। फायदा- 68 किमी तक कम हो जाएगी जबलपुर की दूरी इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन प्रोजेक्ट
रेलवे पैसेंजर एमीनिटीज कमेटी के पूर्व सदस्य नागेश नामजोशी ने कहा कि इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन यात्री और रेलवे दोनों के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण है। इस लाइन से जबलपुर की दूरी 68 किमी तक कम हो जाएगी। फिलहाल भोपाल, इटारसी होते हुए ट्रेन जाती है। अभी करीब 554 किमी दूरी है, जो नई लाइन से 486 किमी तक रह जाएगी। करीब एक घंटे तक का समय भी बचेगा। इसके अलावा उत्तर से दक्षिण की ट्रेनों को भी फायदा होगा। मालगाड़ी, यात्री ट्रेनों के लिए नया रूट तैयार हो जाएगा। इधर, जमीन अधिग्रहण को लेकर कई हिस्सों में किसानों का विरोध भी इधर, इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन को लेकर कई स्थानों पर किसानों का विरोध भी चल रहा है। किसानों का कहना है कि रेल लाइन के लिए उनकी उपजाऊ जमीन जा रही है। इसके अलावा प्रशासन नियमों के हिसाब से मुआवजा नहीं दे रहा है। मुआवजे की राशि भी काफी कम है। किसानों ने कहा कि उन्हें बाजार भाव से मुआवजा दिया जाए या जो जमीन जा रही है, उसके बदले दूसरी खेती योग्य जमीन दी जाए।
इंदौर से जुड़े रेल प्रोजेक्ट की यह दूसरी टनल इंदौर से जुड़े रेल प्रोजेक्ट में यह दूसरी टनल है, जिसका काम शुरू किया है। फिलहाल इंदौर-दाहोद रेल प्रोजेक्ट में रेलवे टीही के आगे टनल बना रहा है, यह पहली टनल थी। 2020 से करीब 3 किमी लंबी टनल पर काम कर रहा है। अब इंदौर-बुधनी रेल लाइन पर दूसरी टनल का काम शुरू हुआ है।


