इंदौर में अफसर जहां अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे हैं, वहीं कुछ सिपाही सोशल मीडिया पर उसकी खुलकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। डीआरपी लाइन से सामने आया ताजा मामला इसका बड़ा उदाहरण है, जहां बिना हेलमेट तीन सवारी बैठकर शराब पीने के लिए प्रेरित करने वाला वीडियो खुद पुलिसकर्मियों ने बनाया और इसे अपने लाखों फॉलोअर्स वाले अकाउंट पर अपलोड कर दिया। पुलिस लाइन इंदौर का यह वीडियो जयवीर सिकरवार ने अपने अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में वह अपने पुलिसकर्मी दोस्त कुलदीप और अन्य साथियों के साथ दिखाई देते हैं। जयवीर इसी वीडियो में डीआरपी लाइन में पैदल जाता है, जहां कुलदीप और बाइक पर बैठा दूसरा पुलिसकर्मी उसे रोकता है। इसके बाद वे शराब की बोतल दिखाकर उसे साथ चलने के लिए प्रेरित करते हैं। जयवीर और कुलदीप बीडीएस और डॉग स्क्वाड में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस परिसर में इस तरह के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर डालना नियम के विरुद्ध है। जबकि जयवीर सिकरवार के 4 लाख 46 हजार फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो पसंद भी किए जाते हैं, लेकिन इस तरह के वीडियो विभाग की छवि धूमिल कर रही हैं। नशे को लेकर अफसर चला रहे मुहिम नशे की रोकथाम को लेकर अफसर मुहिम चला रहे हैं। कमिश्नर के आदेश पर शहरभर में देर रात तक पुलिस चेकिंग भी की जाती है। ऐसे में इस तरह के वीडियो सीधे तौर पर पुलिस विभाग की छवि खराब कर रहे हैं। वहीं छत्रीपुरा के हेड कॉन्स्टेबल संजय राठौर और सिपाही संजय गली-मोहल्लों में शिक्षा देने जैसी मुहिम सालों से चला रहे हैं। क्राइम ब्रांच के अफसर करते हैं छात्रों को मोटिवेट क्राइम ब्रांच के अफसर राजेश दंडोतिया कई तरह की मुहिम चलाकर सोशल मीडिया पर लोगों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हैं। वह कई स्कूलों और कॉलेजों में जाकर सेमिनार करते हैं। डीसीपी जोन-4 आनंद कल्यादगी भी ट्रैफिक को लेकर कई अवेयरनेस प्रोग्राम चला रहे हैं। वहीं कमिश्नर खुद कई बार इन अभियानों का हिस्सा बने हैं। इसी बीच ऐसे वीडियो से पुलिसकर्मी गलत प्रेरणा दे रहे हैं। डांसिंग कॉप पड़ चुके हैं विवादों में ट्रैफिक सिपाही रणजीत ने शहर की पहचान देश ही नहीं, विदेशों में भी करवाई। लेकिन कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक युवती द्वारा किए गए कमेंट्स के बाद मामला बढ़ गया। इसके बाद विभाग ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। अभी भी वह विभागीय जांच से गुजर रहे हैं।


