इंदौर के तेजाजी नगर में 6 दिन पहले टायर फटने से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान बुधवार रात को मौत हो गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामले मे मर्ग कायम कर लिया है। तेजाजी नगर पुलिस ने बताया कि विजय पैलेस कॉलोनी माणिकबाग निवासी मोहम्मद नाहिद (21) पुत्र कलीमुद्दीन नायता मुंडला इलाके में आरटीओ ऑफिस के पास एक टायर की दुकान पर काम करता था। 19 दिसंबर को वह पंचर बनाने के बाद ट्रक के टायर में हवा भर रहा था। तभी तेज धमाके के साथ टायर फट गया और नाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। टायर फटने की आवाज सुनकर आसपास की दुकानदार इकट्ठा हो गए और नाहिद को उठाकर नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। नाहिद के शरीर से काफी ब्लड वह रहा था। अस्पताल में नाहिद का इलाज किया जा रहा था। परिवार में नाहिद का भाई और पिता हैं, जो मिस्त्री का काम करते हैं। दो मंजिला मकान से गिरा युवक, मौत
इंदौर के कनाड़िया में बुधवार रात एक युवक दो मंजिल मकान से गिर गया। उसे उपचार के लिए एमवाय ले जाया गया। जहां रात में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक संतोष सोनी (38) निवासी झलारिया ग्राम है। वह अपने घर से कुछ दूरी पर एक निर्माणाधीन मकान में चौकीदार दोस्त से मिलने पहुंचा था। रात में करीब 10 बजे वह दूसरी मंजिल के डक से नीचे गिरा। चौकीदार ने घटना की सूचना संतोष के घर पर दी। बेटा समीर और अन्य लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर रात में उसकी मौत हो गई। संतोष पेशे से ड्राइवर था। पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।


