इंदौर में जिम ट्रेनर ने सड़क पर तलवार लहराई:घर में घुसकर दो भाईयों पर किया हमला, एक गंभीर घायल; पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र से तलवार लहराने का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रविवार रात का बताया जा रहा है, जिसमें एक जिम ट्रेनर हाथ में तलवार लेकर लोगों को धमकाता नजर आ रहा है। आरोप है कि जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर दो भाइयों पर हमला किया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट की गई है। पुलिस ने मामले में अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार श्याम नगर एनएक्स इलाके में तलवार लहराने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीन आरोपियों को पकड़ा। मुख्य आरोपी सूरज तिवारी पेशे से जिम ट्रेनर है। उस पर आरोप है कि उसने तलवार से अभिषेक चौहान और उसके भाई आकाश उर्फ अक्कू पर हमला किया। हमले में आकाश के हाथ में तलवार से गंभीर चोट आई है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी सूरज और उसके साथियों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। शराब के नशे में हुआ विवाद टीआई सुशील पटेल ने बताया कि घटना के समय दोनों पक्षों के युवक शराब के नशे में थे। रात में घूरने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक विवाद में बदल गई। विवाद के बाद सूरज अपने घर से तलवार लेकर आया और अभिषेक के घर में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस ने रात में ही जिम ट्रेनर सूरज तिवारी, आकाश उर्फ अक्कू और तरुण को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *