इंदौर में 9 फरवरी को शाम 5:30 बजे एक विशेष हास्य नाटक ‘पुराने चावल’ का मंचन किया जाएगा। दिल्ली के प्रसिद्ध अनमास्क स्टूडियो द्वारा प्रस्तुत यह नाटक प्रख्यात नाटककार नील साइमन के विश्व प्रसिद्ध नाटक ‘सनशाइन बॉयज’ का हिंदी रूपांतरण है। लाभ मंडपम में प्रस्तुत होने वाले नाटक में मशहूर कलाकार कुमुद मिश्रा, शुभ्रज्योति बरात और घनश्याम लालसा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। आयोजक अर्जुन सहनी और साक्षी नागपाल के अनुसार, इन कलाकारों की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी। निर्देशक सुमित व्यास ने बताया कि ‘पुराने चावल’ पुरानी और नई पीढ़ी के बीच एक कड़ी का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह नाटक सिर्फ हंसी-ठिठोली तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के गंभीर पहलुओं को भी छूता है। नाटक हर उम्र के दर्शकों को न केवल गुदगुदाएगा बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी देगा।


