इंदौर में दूषित पानी से बुजुर्ग की हालत नाजुक:एक महीने से एडमिट बुजुर्ग को ले गए परिजन; 25 दिन से थे वेंटिलेटर पर; राहुल गांधी भी मिले थे

भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से बीमार पड़े लोगों में से 5 अब भी अस्पताल में एडमिट हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। 72 वर्षीय एकनाथ सूर्यवंशी को अस्पताल में भर्ती हुए आज पूरा एक महीना हो गया। वे पिछले 25 दिन से वेंटिलेटर पर हैं। इतने दिनों में भी हालत में सुधार न होने के कारण परिजनों ने उन्हें घर ले गए हैं। ये वही मरीज हैं, जिन्हें देखने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे थे। सूर्यवंशी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद 29 दिसंबर 2025 को शैल्बी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें 3 जनवरी 2026 को बॉम्बे हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया था। बॉम्बे हॉस्पिटल ने अगले ही दिन (4 जनवरी को) उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया था। सूर्यवंशी की दोनों किडनियां फेल हो चुकी हैं और लिवर भी खराब हो गया है। उनके हार्ट और ब्रेन पर भी असर हुआ है। सूर्यवंशी जल संसाधन विभाग में 1983 से दैनिक वेतन भोगी के रूप में कार्यरत थे। कई सालों बाद उन्हें स्थायी किया गया था। उस समय उनका वेतन 18 हजार रुपए था, लेकिन पेंशन सहित अन्य लाभ नहीं मिले। इसी को लेकर हाई कोर्ट में मामला चल रहा है। उनकी पत्नी शकुंतला (63) हार्ट पेशेंट हैं। दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस बुजुर्ग को आज पूरे एक माह बाद डिस्चार्ज किया गया है। आज शाम को परिजन ने खुद प्रशासन और डॉक्टरों से बात कर डिस्चार्ज की अनुमति मांगी थी। इस पर उन्हें अपनी जवाबदारी पर लिखकर मरीज को ले जाने की अनुमति दी गई। उन्हें परिजन घर लेकर आ गए हैं। वे 25 से ज्यादा दिनों तक वेंटिलेटर पर थे और उनकी हालत में जरा भी सुधार नहीं था। खास बात यह कि वे भागीरथपुरा हादसे में एकमात्र ऐसे मरीज हैं और इतने लंबे समय तक एडमिट रहे। परिजन के मुताबिक घर लाने के बाद भी अभी स्थिति वैसी ही है। परिवार की कमाई हो गई ठप बेटा नीलेश खुद ऑटो ड्राइवर है। रोज करीब ढाई सौ रुपए किराए पर रिक्शा चलाता है। अस्पताल का इलाज भले ही प्रशासन करा रहा है, लेकिन उनकी खुद की कमाई पूरी तरह बंद हो गई है। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जो स्कूल जाते हैं। बच्चों की फीस और परिवार के रोजमर्रा के खर्चों को लेकर परेशानी बनी हुई है। अभी यह भी साफ नहीं है कि पिताजी की हालत कब ठीक होगी। पार्वती बाई भी वेंटिलेटर पर एकनाथ की तरह ही पार्वती बाई भी अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इधर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि दोनों मरीजों के मल्टी ऑर्गन फेल्यूअर हैं और पहले की भी बीमारियां हैं। अस्पताल में पार्वतीबाई, अनिता कुशवाह और अशोक मौर्य भी आईसीयू में एडमिट हैं और उनकी हालत खराब है। एक अन्य मरीज अरबिंदो अस्पताल में एडमिट है। 450 लोग हो चुके एडमिट इस हादसे में अब तक 450 लोगों को एडमिट किया जा चुका है, जिनमें से अभी पांच मरीज एडमिट हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। ननि आयुक्त ने किया भागीरथपुरा का निरीक्षण नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह 6:30 बजे भागीरथपुरा का दौरा किया और रहवासियों से चर्चा की। इस दौरान आयुक्त ने तारा मेडिकल, नई बस्ती, एमआर 4 रोड और मंदिर क्षेत्र के आसपास नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नर्मदा जल प्रदाय लाइन एवं ड्रेनेज लाइन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य जल्दी और गुणवत्ता पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। वहां बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेत लगाएं। ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जलापूर्ति शुरू होने तक टैंकर से पानी दें निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने क्षेत्रीय निवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने रहवासियों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली एवं नगर निगम द्वारा वॉटर टैंकर के माध्यम से जल प्रदाय किए जाने की व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक स्थायी जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाए। आयुक्त ने जोन क्रमांक 4 संगम नगर जोनल कार्यालय के पास से हटाई गई पेयजल टंकी स्थल का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने तोड़ी गई टंकी का मलवा हटाते हुए आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, लक्ष्मीकांत वाजपेई, झोनल अधिकारी आनंद रैदास सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *