बुरहानपुर में महिला कांग्रेस ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के विरोध में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। यह सभा बुधवार शाम स्थानीय गांधी चौक पर मोमबत्तियां जलाकर आयोजित की गई। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बैरसिया के निर्देश पर हुए इस कार्यक्रम में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर बुरहानपुर कांग्रेस की सभी इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रदेश महासचिव सरिता भगत, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र महाजन, प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल, आशीष भगत, मीनाक्षी महाजन, कैलाश यावतकर, विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर देवेश्वर सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष उमेश जंगाले, दीपक पाटिल, कमलेश शाह, घीसू सुखवानी, रियाजुल हक अंसारी और डॉ. युसूफ खान शामिल थे। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव और महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता भगत ने घटना को प्रशासनिक विफलता करार दिया। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि स्वच्छ पेयजल जनता का बुनियादी अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर की घटना ने यह साबित कर दिया है कि वर्तमान तंत्र जनता की जान की रक्षा करने में विफल रहा है। कार्यक्रम के अंत में गांधी चौक पर यह संकल्प लिया गया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।


