श्योपुर शहर में रविवार को कांग्रेस ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जय स्तम्भ पर एकत्रित होकर रैली निकाली और घंटी बजाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। दोपहर करीब एक बजे कांग्रेसी जय स्तम्भ पर जुटे और नारेबाजी की। उन्होंने इंदौर में दूषित पानी की आपूर्ति से हुई मौतों को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस संवेदनशील मामले में अब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों ने नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जय स्तम्भ से रैली निकालने का प्रयास किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस जवानों ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने और रैली को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी। हालांकि, बाद में पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विधायक बाबू जंडेल ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और यह आम जनता के जीवन से खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शन में दौलतराम गुप्ता, सिराज दाऊदी, राहुल चौहान, चीनी कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


