इंदौर में नकाबपोशों ने युवक पर किया फायर:मोबाइल-एटीएम चीरते हुए पैर में लगी गोली; सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

इंदौर के राउ इलाके में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। ब्लैक रंग की स्कूटर पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोली युवक की जेब में रखे मोबाइल और एटीएम कार्ड को चीरते हुए पैर में जा लगी, जिससे उसे मामूली चोट आई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि पुलिस ने देर रात करीब 2 बजे एफआईआर दर्ज की है। भूतनाथ मंदिर पार्किंग में हुई वारदात राउ पुलिस के अनुसार यह घटना भूतनाथ मंदिर की पार्किंग में शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। यहां रंगवासा निवासी विनय पाटीदार पर दो नकाबपोश युवकों ने अचानक फायर कर दिया। आरोपी ब्लैक रंग की स्कूटर पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। जेब में रखे मोबाइल और एटीएम को चीर गई गोली विनय ने पुलिस को बताया कि फायरिंग के दौरान गोली सीधे उनकी पेंट की जेब में जा लगी। जेब में रखा मोबाइल और उसका कवर बुलेट से फट गया, जबकि पीछे रखा एटीएम कार्ड भी चीर गया। इसके बाद गोली पैर तक पहुंची, जिससे उन्हें हल्की चोट आई। विनय के मुताबिक उन्हें पहले हल्की गर्माहट महसूस हुई, फिर जब मोबाइल निकाला तो वह पूरी तरह टूट चुका था। बदमाशों के भागने का सीसीटीवी फुटेज मिला घटना के बाद विनय ने आसपास मौजूद लोगों को जानकारी दी और फिर थाने पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी में स्कूटर पर सवार दो नकाबपोश बदमाश भागते हुए दिखाई दिए हैं। एक दिन पहले हुआ था पार्किंग में विवाद विनय ने बताया कि घटना से एक दिन पहले पार्किंग को लेकर उसका एक युवक से विवाद हुआ था। उसी दौरान आरोपी ने उसकी फोटो भी खींच ली थी। विनय का कहना है कि इसके अलावा उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था और न ही उसे पहले कोई धमकी मिली थी। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए, लेकिन एफआईआर देर रात तक दर्ज नहीं की गई। बाद में रात करीब 2 बजे मामला दर्ज किया गया। राउ पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *