राजगढ़ जिले के सुठालिया में पिछले शनिवार को दिए अपने भीख वाले बयान पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने मंगलवार को सफाई दी। इसके बाद भी कांग्रेस पटेल पर हमलावर है। इंदौर में कार्यकर्ताओं ने फोटो पर मंत्री की जुबान बनाकर रीगल चौराहे पर लगा दी। बयान के विरोध में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्रवक्ताओं के साथ हाथ पर कटोरा लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। नायक ने कहा कि जिस जनता को हम जनार्दन और लोकतंत्र में भगवान कहते हैं, उसे मंत्री पटेल भिखारी कहते हैं। वे आम आदमी को कीड़ा मकोड़ा समझते हैं। जनता ने ही उन्हें कितनी बार लोकसभा, विधानसभा भेजा। जनता की वजह से वह केंद्रीय मंत्री, राज्यमंत्री बने। प्रहलाद पटेल के विरोध में सभी जिला मुख्यालय पर 6 से 8 तारीख मार्च तक प्रदर्शन किए जाएंगे। 10 मार्च को भोपाल में किसान कांग्रेस के नेतृत्व में विशाल प्रदर्शन होगा, जिसमें कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम कार्यकर्ता-पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। 11 तारीख से 15 मार्च तक मोर्चा विभाग के अध्यक्ष विभागीय मंत्रियों को ज्ञापन देंगे। कांग्रेस बीजेपी नेताओं को ऑनलाइन कटोरे भेजेगी। कांग्रेस ने प्रहलाद पटेल से 6 सवाल भी पूछे। सीखने की बजाय गलतियां कर रहे मंत्री पटेल
मुकेश नायक ने कहा कि पहले वे (प्रहलाद पटेल) केंद्र में कैबिनेट मिनिस्टर हुआ करते थे फिर उन्हें बहुत अनुत्तर दाई माना गया और उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया। मुझे पहले लगा कि इनका डिमोशन बार-बार क्यों हो रहा है, लेकिन आज मुझे लग रहा है तो यह बहुत नासमझ आदमी है। यह कोई बड़ा नुकसान कर सकते हैं, इसलिए क्रमशः इन्हें फिर से अनुभव के लिए नीचे के पायदान पर भेजा जा रहा है। यहां कुछ सीखने की बजाय वह ऐसी गलतियां कर रहे हैं जो लोकतंत्र में अक्षम्य है। भिखारी कहो या लुटेरा कहो उन्हें तो जीतना ही है
नायक ने कहा कि सरकार में जरा भी समझ है तो इन्हें अपने पद से बर्खास्त करे। अगर ऐसा नहीं होता है, तो इसका अर्थ यह है जनता से पैसे लो और समस्याओं को अनसुना करो, क्योंकि EVM सेट है। चाहे भिखारी कहो या लुटेरा कहो उन्हें तो जीतना ही है। उन्होंने कहा- जनता की उपेक्षा का मूल कारण मुझे यह समझ आया कि उनके नेता दिन में अच्छा भोजन करके 4 घंटे सोते हैं। शाम को 1 घंटे घूमने जाते हैं ।जनता के कोई काम नहीं करते। गलती के बाद बचकानी सफाई दे रहे प्रहलाद पटेल
कांग्रेस प्रवक्ता मिथुन अहिरवार ने कहा मध्य प्रदेश सरकार में एक तरफ ऐसे लोग बैठे हैं, जो चुनाव के पहले कहते थे की जनता की समस्याएं अगर हल नहीं हुईं तो मैं सड़क पर आ जाऊंगा। आज जब सरकार में आ गए हैं तो जनता अपनी जायज मांगों और समस्याओं को लेकर उनके पास जाती है, तो जनता को लतियाते हुए भिखारी बता दिया जाता है। मंत्री प्रहलाद पटेल ने जनता का लगातार अपमान किया और अब उसके ऊपर बचकानी सफाई दे रहे हैं। बीजेपी नेताओं को ऑनलाइन कटोरे भेजेंगे
कांग्रेस प्रवक्ता मिथुन अहिरवार ने कहा कि हमारी कोशिश थी कि यह कटोरा लेकर हम भाजपा के कार्यालय पर देने जाएं। लेकिन भोपाल में कटोरा लेकर जाना अपराध है। हम अपराध नहीं करेंगे लेकिन हम इसे ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस के जरिए भाजपा के नेताओं को पहुंचाएंगे। चौराहे पर मंत्री की फोटो के नीचे जुबान लटकाई
बयान वाले मामले में इंदौर में कांग्रेस नेताओं ने फोटो पर मंत्री की जुबान बनाकर रीगल चौराहे पर लगा दी। इस पर उन्होंने लिखा- वोट लेने से पहले जनता भगवान। वोट लेने के बाद जनता भिखारी। पोस्टर को देखकर यहां से गुजरने वाले भी हैरत में पड़ गए। जिला कांग्रेस सेवादल के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने जिस तरह मध्यप्रदेश की सात करोड़ जनता को भिखारी बताया है वह काफी निंदनीय है। पटेल बोले-शुचिता की राजनीति बेईमानों को कैसे रास आएगी
मंगलवार रात 8:14 बजे पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने X पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को टैग करते हुए लिखा- मेरे मन में जनता सदैव जनार्दन रही, उसने नकारा हो या स्वीकारा हो, यह मेरी निष्ठा का अतीत है, वह आज भी है, लेकिन शुचिता की राजनीति, भ्रष्ट और बेईमानों को कैसे रास आएगी। अगले पोस्ट में जेपी नड्डा को टैग नहीं किया
मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपना पोस्ट डिलीट कर करीब सवा घंटे बाद 9:36 बजे दूसरा पोस्ट किया। उसमें लिखा- मेरे मन में सदैव जनता जनार्दन रही है, चाहे उसने मुझे नकारा है या स्वीकारा है। यह मेरी निष्ठा का अतीत है, लेकिन शुचिता की राजनीति भ्रष्ट और बेईमानों को कैसे रास आती? इसलिए मेरी बात को तूल दिया गया। इस पोस्ट में उन्होंने जेपी नड्डा को टैग नहीं किया। जबलपुर में सोमवार को मीडिया से बात करते हुए मंत्री पटेल ने कहा था- मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है । इसे राजनीतिक रंग दिया गया है। मैंने अपने स्वजातीय लोगों के बीच यह बात कही थी, जिसे मैं वर्षों से कहता आ रहा हूं और आगे भी कहूंगा।


