इंदौर के तेजाजी नगर इलाके में खंडवा रोड पर एक बिल्डर के अपनी जमीन की बाउंड्री वॉल बनवाने के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार को खुदाई के दौरान नर्मदा की पानी की पाइपलाइन और अवंतिका गैस कंपनी की गैस लाइन फट गई। गैस की बदबू फैलने पर क्षेत्र के लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गैस कंपनी की टीम को बुलाकर लीकेज को बंद कराया गया। घटना खंडवा रोड स्थित मारुति शोरूम के सामने लिंबोदी इलाके की है, जहां बिल्डर छाबड़ा के बंगले के पास खाली जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण काम चल रहा था। ठेकेदार ने सरकारी सड़क के पास खुदाई कर दी, जिससे नर्मदा जल योजना की पाइपलाइन और अवंतिका गैस कंपनी की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। गैस के रिसाव से हवा में तेज बदबू फैल गई, जिससे स्थानीय लोग डर गए। बिना अनुमति की गई खुदाई घटना की सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गैस कंपनी और नगर निगम को सूचित किया। कुछ ही देर में नगर निगम और गैस कंपनी की टीमें मौके पर पहुंचीं और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह खुदाई बिना अनुमति के की गई थी। फिलहाल गैस और पानी की सप्लाई को सुरक्षित करने का काम किया जा रहा है। ठेकेदार और बिल्डर पर होगी कार्रवाई तेजाजी नगर थाना प्रभारी (टीआई) देवेंद्र मरकाम ने बताया कि इस मामले में जांच के बाद जिम्मेदार ठेकेदार और बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


