इंदौर में महापौर को बताई पानी की समस्या:वार्ड 49 में हुई जल सुनवाई, पुष्यमित्र भार्गव बोले- संवाद से ही समस्याओं का हल संभव

इंदौर में मंगलवार को वार्ड 49 में महावीर बाग, तिलक नगर स्थित पानी की टंकी पर संकल्प से समाधान अभियान शिविर और जल सुनवाई हुई। यहां पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी पहुंचे और लोगों से चर्चा की। इस दौरान कई लोगों ने इलाके में पानी की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया। सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर इंदौर के हर वार्ड में संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है। शिविर और जल सुनवाई में महापौर के साथ क्षेत्रीय पार्षद व एमआईसी मेंबर राजेश उदावत, महापौर प्रतिनिधि विवेक सिन्हा, जोनल अधिकारी सहित कई लोग मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं सुचारू रूप से पहुंचे, इसी उद्देश्य से संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जोनवार एवं वार्ड वार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों की जल से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शहर के सभी वार्डों में प्रत्येक मंगलवार को जल सुनवाई भी की जा रही है। महापौर ने खुद सुनीं समस्याएं
जल सुनवाई में महापौर ने खुद लोगों की पानी से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने पानी न आने, दूषित पानी आने और पुरानी लाइनों के कारण बार-बार उत्पन्न हो रही समस्याओं के बारे में महापौर को शिकायत की। महापौर ने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूषित पानी की समस्या का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। इसके लिए आवश्यकतानुसार पुरानी लाइनों को बदलकर नर्मदा लाइन से जोड़ने की कार्रवाई जल्द करें, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *