इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह उसका शव घर के कमरे में मिला है। महिला के हाथ और पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। महिला अपने पति से अलग रहती थी और सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करती थी। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध की बात सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना नंदबाग इलाके की है। यहां गायत्री (35) पत्नी सुनील कुर्मी का शव उसके घर में पड़ा मिला। महिला सुबह साढ़े 6 बजे टीसीएस में ड्यूटी पर जाती थी। जब वह लगभग एक घंटे तक नहीं पहुंची, तो इंचार्ज बद्रीलाल ने उसके घर जाकर देखा। महिला मूल रूप से छिंदवाड़ा की रहने वाली थी। उसके परिवार में कोई बच्चे नहीं हैं। आसपास के लोगों को महिला के पति की जानकारी नहीं थी। महिला के माता-पिता को छिंदवाड़ा में सूचना दी गई है। गला घोटकर हत्या की आशंका पुलिस ने मौके पर महिला का टिफिन पाया। शुरुआती जांच में पता चला कि महिला की गला घोटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने महिला के साथ काम करने वाले एक साथी से पूछताछ की है और उसे संदिग्ध माना जा रहा है। महिला के शव को आगे की जांच और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


