इंदौर में सिंघानिया परिवार की बहू पर तीसरी एफआईआर:सास को सीढ़ियों से गिराने और मारपीट का आरोप; बहू ने जबरन बेदखली का किया दावा

इंदौर के लसुड़िया इलाके में सिंघानिया परिवार की बहू के खिलाफ उनके ससुर ने मारपीट का मामला दर्ज कराया है। खास बात यह है कि यह बहू के खिलाफ दर्ज की गई तीसरी एफआईआर है। इससे पहले दो बार सास शिकायत कर चुकी है। लसुड़िया पुलिस के अनुसार, शांति निकेतन निवासी 70 वर्षीय विनोद सिंघानिया ने अपनी बहू रुचि शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। विनोद का आरोप है कि सोमवार को रुचि ने उनके बेटे नितेश और पत्नी कनकलता के साथ मारपीट की। शिकायत में बताया गया कि रुचि बंगले के एक कमरे में जबरन रह रही है और घर के अन्य सदस्यों से लगातार विवाद कर रही है। आरोप है कि वह टिफिन में सामान रखकर बाहर भेजती है, जिस पर सास कनकलता ने आपत्ति जताई तो रुचि ने गाली-गलौज शुरू कर दी। 14 दिसंबर को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विनोद के मुताबिक, उन्होंने बेटे नितेश को फोन कर घर बुलाया। जैसे ही नितेश घर पहुंचा, रुचि ने उस पर और सास पर हमला कर दिया। आरोप है कि कनकलता को सीढ़ियों से धक्का दे दिया गया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में चोट आई। नितेश ने जब बीच-बचाव किया तो रुचि ने उसके हाथ पर काट लिया। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा विवाद इससे एक दिन पहले रविवार को रुचि शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह अपने बेटे के साथ नजर आई थी और पति व सास-ससुर पर आरोप लगाया था कि वे बाउंसरों की मदद से उसे जबरन घर से निकालना चाहते हैं। रुचि का दावा था कि कोर्ट का फैसला उसके पक्ष में है। इस मामले में पुलिस ने रुचि की ओर से आवेदन लेकर जांच शुरू करने की बात कही थी। विनोद सिंघानिया ने बताया कि उनकी पत्नी कनकलता को गंभीर चोटें आने के कारण बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रुचि की बहन मिया शर्मा ने घर आकर उन्हें धमकाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनाक्रम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कारोबारी परिवार की बहू पर घर में घुसने पर FIR:पुलिस पर लगाए साठगांठ के आरोप​​ इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में गाजियाबाद से आई महिला और उसके ससुराल पक्ष के बीच चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को महिला की सास ने बहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, वहीं बहू ने एक वीडियो वायरल कर पुलिस पर ससुराल पक्ष से साठगांठ करने का आरोप लगाया है। पढ़ें पूरी खबर​​​​​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *