इंदौर सांसद ने माना, एयरपोर्ट पर यात्री हो रहे परेशान:नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मिले शंकर लालवानी; यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया

इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों को हो रही परेशानियों और बढ़ते यात्री दबाव को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान एयरपोर्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सांसद लालवानी ने यात्रियों को रोजमर्रा में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को एक-एक कर मंत्री के सामने रखा। सांसद लालवानी ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट पर पार्किंग एरिया में लगातार भीड़ बनी रहती है। पार्किंग के बाद टर्मिनल में प्रवेश के दौरान विशेष रूप से सुबह के समय लंबी कतारें लग जाती हैं, क्योंकि एक ही समय पर कई फ्लाइट्स का शेड्यूल रहता है। इसके अलावा सुरक्षा जांच के दौरान भी यात्रियों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे असुविधा बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि जब एक साथ कई फ्लाइट्स आती हैं, तब एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं रहती। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है, जिन्हें खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि एयरपोर्ट पर रात के समय चल रहे रनवे के कारपेटिंग कार्य के कारण कई बार फ्लाइट संचालन प्रभावित होता है और देरी की स्थिति बनती है। साथ ही एयरपोर्ट परिसर में सीमित जगह होने के बावजूद अलग-अलग ऑफिस स्पेस विकसित किए जाने से ऑपरेशनल एरिया कम हो रहा है, जबकि यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत है। विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपें नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट अथॉरिटी के ऑपरेशन डायरेक्टर और प्लानिंग डायरेक्टर स्वयं अगले सप्ताह इंदौर का दौरा करें। वह स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर मौके पर सभी व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे और एक विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेंगे। सांसद ने दिया सुझाव- सुविधाओं को किया जाए मजबूत इस दौरान सांसद लालवानी ने सुझाव दिया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इंदौर एयरपोर्ट के डेवलपमेंट प्लान में यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर उपलब्ध स्थान का बेहतर और व्यावहारिक उपयोग करते हुए पार्किंग, वेटिंग एरिया, सिक्योरिटी चेक और टर्मिनल एंट्री जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जाना चाहिए। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक समाधान किए जाएंगे, ताकि आने वाले समय में इंदौर से हवाई यात्रा और अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *