इंदौर से बेंगलुरु के लिए 10 मार्च से एक और सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इस फ्लाइट का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जाएगा। यह एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर से बेंगलुरु के लिए दूसरी सीधी फ्लाइट होगी। एयरलाइंस कंपनी ने इस फ्लाइट की बुकिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही फ्लाइट शेड्यूल भी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के चेयरमैन हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि इंदौर-बेंगलुरु फ्लाइट 10 मार्च से शुरू होने वाली है। इससे यात्रियों को बेंगलुरु के साथ ही कोच्चि, कन्नूर, त्रिवेंद्रम, चेन्नई और मैंगलोर के लिए आसानी से कनेक्टिंग फ्लाइट मिल जाएगी। एयरलाइंस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च से शुरू हो रही फ्लाइट सुबह 08.45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर 10.45 बजे इंदौर आएगी। वहीं वापसी में इंदौर से 11.15 बजे उड़ान भरेगी और 1.15 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। इस फ्लाइट को मिलाकर इंदौर से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट की संख्या अब 5 से ज्यादा हो जाएगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुरू की चार कैटेगरी में टिकट बुकिंग पहली- एक्सप्रेस लाइट। किराया 6 हजार 798 रुपए। दूसरी – एक्सप्रेस वैल्यू। किराया 6 हजार 852 रुपए। तीसरी – एक्सप्रेस फ्लेक्स। किराया 7 हजार 376 रुपए। चौथी – एक्सप्रेस बीज है। किराया 14 हजार 584 रुपए है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस फ्लाइट के लिए कंपनी बोइंग 737 मैक्स एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल करेगी। जिसमें 172 इकोनॉमी और 8 बिजनेस क्लास सीट हैं।


