इंदौर के उषा नगर स्थित शिव मंदिर में भगवान हनुमान की मूर्ति का चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह 8 से 11 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शिव मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में यह आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत 8 फरवरी को सुबह 9 बजे से होगी, जिसमें प्रायश्चित संकल्प और कलश स्थापना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मल्हारी मार्तण्ड मंदिर और उषा नगर मेन रोड होते हुए पुनः मंदिर लौटेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि पहले दिन जलाधिवास और अन्नाधिवास के कार्यक्रम होंगे। 9 फरवरी को पुष्पाधिवास, धूपाधिवास के साथ औषधियों से महाभिषेक किया जाएगा। 10 फरवरी को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा और शिखर कलश स्थापना के साथ पूर्णाहुति होगी। समारोह का समापन 11 फरवरी को सुंदरकांड के पाठ के साथ होगा। मंदिर समिति के सुधीर देड़गे और रूपनारायण मंत्री के अनुसार धार्मिक विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार समारोह होगा।


