इंश्योरेंस के पैसों के लिए बनाया था नकली टाइम बम:आर्मी से रिटायर्ड आरोपी गिरफ्तार;बमनुमा वस्तु से इलाके में अफरा तफरी मच गई थी,बाइक का था क्लेम

अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत विवेकानंद नगर में इंश्योरेंस बैंक एजेंट के घर के पास बम जैसी वस्तु डालकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अंकुश गुर्जर (26 वर्ष) निवासी बानसूर के रूप में हुई है। अरावली विहार थानाधिकारी रामेश्वर दयाल ने बताया कि 12 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे एक अज्ञात युवक विवेकानंद नगर स्थित इंश्योरेंस बैंक एजेंट बाबू सिंह नरूका के घर में घुस गया। इस दौरान आरोपी और बाबू सिंह के बीच हाथापाई भी हुई। हाथापाई के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, तभी उसके कपड़ों से एक बम नुमा वस्तु नीचे गिर गई थी।आरोपी पुलिस से बचने के लिए शहर के अलग अलग जगहों पर गया फिर लास्ट में खुद के कमरे पर गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बम नुमा वस्तु में एक टाइमिंग घड़ी लगी हुई थी और गीले आटे से इसे टाइम बम का रूप दिया गया था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने वस्तु को शहर से बाहर जयसमंद बांध ले जाकर बम स्क्वायड टीम से डिफ्यूज करवाया। जांच में यह नकली बम निकला। इसके बाद पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। कांस्टेबल विजय यादव की सूझबूझ से आरोपी की पहचान की गई और उसे शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के कोली मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया गया जहां वो किराए के मकान में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी अंकुश ने बताया कि वह पहले 7 साल तक आर्मी में नौकरी कर चुका है, लेकिन मेडिकल कारणों से नौकरी छोड़कर घर आ गया था। सितंबर 2025 में उसकी बाइक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। बाइक का इंश्योरेंस जिस बैंक से कराया गया था, उसके एजेंट बाबू सिंह नरूका थे। क्लेम आने में देरी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने बाबू सिंह को डराने के लिए नकली टाइम बम बनाकर उसके घर में घुसने की योजना बनाई थी। आरोपी का इरादा बाबू सिंह को धमकाकर क्लेम पास करवाने का था। हालांकि हाथापाई के बाद वह खुद घबरा गया और भागते समय बम नुमा वस्तु नीचे गिर गई। अरावली विहार थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *