भास्कर न्यूज | इटखोरी इटखोरी थाना क्षेत्र के गुल्ली पार गढ़ा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस संबंध में इटखोरी थाना में शनिवार को डीएसपी अमिता लकड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को सूचना मिली थी, कि गुल्ली से चौपारण की ओर अवैध अंग्रेजी शराब लदी गाड़ी जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की गठित टीम ने इटखोरी के नंगवा पुल के पास सघन वाहन सर्च अभियान चलाई। इस दौरान एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार एवं बिना नंबर की सफेद रंग की फ्रॉन्क्स कार को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों गाड़ियों के डिक्की में रखा कुल 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। ये लोग प्रतिष्ठित ब्रांड के नकल करते थे। अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब ले जा रहे छह लोगों को भी गिरफ्तार कर शनिवार को चतरा जेल भेज दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही पर अभियुक्त नीतीश यादव के घर ग्राम गुल्ली पार गढ़ा सेक्स पुलिस ने भारी मात्रा में शराब बनाने का उपकरण भी बरामद किया है। जिसमें रॉयल चैलेंजर एवं आईकॉनिक कंपनी का करीब 250-250 पीस ढक्कन, रॉयल स्टैग कंपनी का एक बंडल स्टीकर, सिग्नेचर कंपनी का एक बंडल स्टीकर, आईकॉनिक कंपनी का एक बंडल स्टीकर, रॉयल चैलेंजर कंपनी का 250 पीस ढक्कन, ब्लेंडर प्राइड कंपनी का एक बंडल स्टीकर एवं तीन पारदर्शी 20 लीटर के जार में रखा स्पिरिट करीब 60 लीटर, एक नीला रंग का ड्रम जिसमें नल लगा हुआ है। 10 प्लास्टिक के बोरा में रखा करीब 1000 पीस खाली बोतल, एक पांच लीटर का सफेद रंग का जार में रखा करीब 2 लीटर शराब बनाने वाला लिक्विड एवं अभियुक्तों के नाम से 7 विभिन्न कंपनियों का स्क्रीन टच मोबाइल समेत अन्य सामग्री बरामद की गई। जिससे अवैध मिनी शराब फैक्ट्री के संचालन का खुलासा हुआ। डीएसपी अमिता लकड़ा ने आगे बताया कि जब्त शराब में सिग्नेचर, आइकोनिक व्हाइट, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंजर सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं।


