जीआरपी इटारसी ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने वाले एक चोर को पकड़ा है। जीआरपी ने आरोपी के पास से करीब 1 लाख 46 हजार रुपए का चोरी गया सामान बरामद किया है। कार्रवाई की जानकारी सोमवार शाम को दी गई। यह वारदात 26 सितंबर 2025 को पंजाब मेल एक्सप्रेस में हुई थी। भोपाल की रहने वाली एक युवती दादर से रानी कमलापति स्टेशन जा रही थी। खिरकिया स्टेशन के पास जब उसकी नींद खुली, तो देखा कि बर्थ पर रखा उसका बैग गायब है। बैग में आईफोन-16, लैपटॉप, मोबाइल और कैश समेत करीब 1.79 लाख रुपये का कीमती सामान था। स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी युवती की शिकायत पर केस डायरी इटारसी जीआरपी को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से 8 फरवरी 2026 को आरोपी को इटारसी स्टेशन की टिकट खिड़की के पास से धर दबोचा। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली, हालांकि कुछ सामान उसने चलती ट्रेन से फेंकना बताया। बरामद हुआ कीमती सामान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन-16, एचपी लैपटॉप और चार्जर बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।


