इन्फ्लूएंजा बी वायरस से 3 बच्चों की मौत:20 अस्पताल में भर्ती, 10 स्कूलों में 60 बच्चे बीमार, 2 सीरियस बीकानेर भर्ती

हनुमानगढ़ में तीन बच्चों की रहस्यमय मौत ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। प्रारंभिक जांच में ये मौतें खांसी, बुखार और फेफड़ों में संक्रमण के कारण हुई थीं और मृतक बच्चों के सैंपल की रिपोर्ट में इन्फ्लूएंजा बी वायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद से इलाके में संक्रमण के प्रसार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। 17 में से 8 में पाया गया इन्फ्लूएंजा बी
सैंपल की जांच में इन्फ्लूएंजा बी की पुष्टि होने के बाद आस पास के क्षेत्रों और मृतकों के परिजनों से 17 नए सैंपल एकत्र किए गए थे। जिनमें से 8 सैंपल्स में भी इन्फ्लूएंजा बी के वायरस की पुष्टि हुई। इस संक्रमण के फैलने के बाद आमजन में कोविड-19 के बाद एक बार फिर डर का माहौल बन गया है। 20 जिला अस्पताल में भर्ती, 2 का बीकानेर में इलाज जारी
तीन बच्चों की मौत के बाद अभी भी दो बच्चे गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित 20 बच्चों का इलाज जारी है। लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या ने क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल बना दिया है। 10 स्कूलों में 60 बच्चों में बुखार, जुकाम और खांसी
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लगातार स्क्रीनिंग और सैंपल कलेक्शन का कार्य जारी रखा है। विभाग द्वारा यह भी जानकारी दी गई है कि शिक्षा विभाग ने जिला मुख्यालय के करीब 10 सरकारी स्कूलों में बुखार, खांसी, जुकाम और गले में दर्द से पीड़ित करीब 60 बच्चों की पहचान की है। सभी बच्चों को घर पर रहकर आराम करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर कर रही सर्वे
स्वास्थ्य विभाग ने जिला मुख्यालय के सघन क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। इस सर्वे में संक्रमित मरीजों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं और उन्हें परामर्श लेने के लिए स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए समझाया जा जा रहा है। सीएमएचओ ने आमजन से की अपील
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, क्योंकि यह एक सामान्य मौसमी बीमारी है, बशर्ते मरीज लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को बुखार, खांसी, जुकाम, गला दर्द, बदन दर्द या सांस लेने में तकलीफ हो, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें और अगर जाना पड़े तो मास्क का उपयोग अवश्य करें। स्वास्थ्य निदेशालय ने जारी किए निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य निदेशालय जयपुर से भी हनुमानगढ़ जिले को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों में एक्टिव, पैसिव और लैब सर्विलांस के तहत घर-घर जाकर सर्वे करने, मरीजों का तुरंत सही इलाज देने, सैंपल कलेक्शन करने, दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मास्क और पीपीई किट उपलब्ध रखने और अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, आईसीयू और वेंटिलेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मरीजों की संख्या और स्थिति के संबंध में दैनिक रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के आदेश भी दिए गए हैं। सही समय पर इलाज करेगा मदद
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि लोग सही समय पर इलाज कराते हैं और सुरक्षा उपायों का पालन करते हैं, तो इस संक्रमण पर काबू पाया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *