राजसमंद में कैंसर पीड़िता को आपात जरूरत पड़ने पर युवक ने आरके हॉस्पिटल पहुंच कर ब्लड डोनेट किया। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की प्रेरणा से बुधवार को एक कैंसर पीड़ित महिला की जरूरत पर त्वरित रक्तदान किया गया। सोसाइटी के मानद सचिव बृजलाल कुमावत ने बताया कि आरके हॉस्पिटल में जैसे ही कैंसर से जूझ रही महिला को रक्त की तत्काल आवश्यकता की सूचना मिली, स्वैच्छिक रक्तदाता भरत नाथ तुरंत आर.के. हॉस्पिटल स्थित ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदान किया। यह जीवनदायी कार्य भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की मुहिम पीड़ित रोगियों के लिए रक्तदान करो, जीवन बचाओ के तहत किया गया। सोसाइटी अल्प सूचना पर भी स्वैच्छिक रक्तदाताओं की मदद से जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने में सक्रिय है। कुमावत ने बताया कि प्रचंड गर्मी के कारण ब्लड बैंक में रक्त की कमी आई है। रेडक्रॉस सोसाइटी ने युवाओं से अपील की है कि वे पीड़ित रोगियों का जीवन बचाने के लिए समय-समय पर रक्तदान करने के लिए आगे आएं। राजसमंद में रेडक्रास सोसाइटी की टीम द्वारा समय समय पर ब्लड डोनेट कैम्प आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान भरत नाथ को सर्टिफिकेट जारी किया गया। प्रवक्ता सुरेश भाट, चेयरमैन कुलदीप शर्मा, ब्लड बैंक प्रभारी डॉक्टर एम.पी. मीणा, मानद सचिव बृजलाल कुमावत, टेक्नीशियन युगल किशोर पालीवाल, मुकेश कुमावत, राधेश्याम सुखवाल ने युवक का आभार जताया।


