इमरान मसूद ने पूछा-अमेरिका हमारा बाप है क्या?:सीजफायर करना अपमान नहीं तो क्या, पहलगाम के कातिल अब भी जिंदा

भारत-पाकिस्तान के बीच 10 मई की शाम 5 बजे संघर्ष विराम हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद विपक्ष केंद्र सरकार पर सवाल खड़े कर रहा है। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पूछा- ये BJP को देखना होगा कि सीजफायर अपमान है या सम्मान। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और इंदिरा गांधी से सीख लेनी चाहिए, जिन्होंने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। मगर हमारे पीएम तो अमेरिका के दबाव में आकर सीजफायर करके बैठ गए हैं। पहलगाम के आतंकी अभी जिंदा हैं, हमने युद्ध विराम क्यों कर दिया? हमारे 26 लोगों को मारने वालों को सजा मिलनी चाहिए। BJP ने इमरान मसूद के लिए क्यों कहा कि देश की सुरक्षा का मजाक उड़ाया? हमले का सबूत क्यों मांगा? ऑपरेशन सिंदूर को कैसे देखते हैं? इन सवालों के साथ दैनिक भास्कर एप की टीम ने कांग्रेस सांसद से बात की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल : आप भी पाकिस्तान पर हमले का सबूत मांग रहे हैं?
जवाब: मैं कोई सबूत नहीं मांग रहा हूं। हमारे जवान अंदर घुसकर बम मारकर आए हैं। मगर आपने (BJP) सीजफायर कर दिया। वो भी अमेरिका के कहने के बाद। यूक्रेन जैसे छोटे से देश का राष्ट्रपति उठकर के आ जाता है। मगर यहां अमेरिका से एक बटन दबा और हमारे प्रधानमंत्री मान गए। ये क्या हो रहा है? सवाल : BJP कह रही आपने देश की सुरक्षा का मजाक उड़ाया, सैनिकों का अपमान किया?
जवाब : जो ये बोल रहे हैं, वो पहले अपने गिरहबान में झांके। ये सीजफायर अपमान है या सम्मान, इसका फैसला अपने आप करें। जब सेना दुश्मन के घरों में घुसकर मार रही हो, तब अमेरिका से बटन दबता है और सीजफायर हो जाता है। बिना शर्त के सीज फायर हो गया। सरकार ने क्या शर्त रखकर सीजफायर किया? अब आपको (BJP) सामने आकर बोलना चाहिए। इंटरव्यू आगे पढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दे सकते हैं… सवाल : संवेदनशील मसले पर आपने जो कहा, वो बयानबाजी कहीं पॉलिटिकल स्टंट तो नहीं?
जवाब : पॉलिटिकल स्टंट क्या है, ये तो देश के सम्मान की बात है। हर भारतीय का खून खौल रहा है। हर भारतीय को लग रहा है, ये हुआ क्या? एक मिनट में सीजफायर कर दिया। सीजफायर करना था तो नरेंद्र मोदी जी करते। क्या सीजफायर का ऐलान अमेरिका करेगा? अंतरराष्ट्रीय मंच पर बैठकर आप मध्यस्थता करेंगे। मैं पूछता हूं कि शिमला समझौते का क्या हुआ? कहां गए वो तेवर? सवाल : ये इमरान मसूद का सवाल है या कांग्रेस का?
जवाब : ये इमरान मसूद का सवाल नहीं है, ये तो देश का सवाल है। देश जानना चाहता है कि ऐसी क्या मजबूरी हो गई। जो अमेरिका के कहने पर सीजफायर कर दिया। जब मध्यस्थता की है तो कोई तो शर्त रखी होगी। देश जानना चाहता है कि आपने क्या सहमति बनाई? युद्ध रुकने के बाद भी पाकिस्तान रातभर गोली चलाता रहा। ये मीडिया मैनेजमेंट में लगे हैं, देश को बेवकूफ बना रहे हैं। सवाल : पहलगाम हमले पर सेना ने करारा जवाब दिया, ऑपरेशन सिंदूर पर आप क्या कहेंगे?
जवाब : ऑपरेशन सिंदूर में हम पाकिस्तान को घर में घुसकर मारकर आए हैं। सेना के पराक्रम में कोई कमी नहीं है। सबको गर्व है। सवाल : अमेरिका के हस्तक्षेप के बाद सीज फायर हुआ, कैसे देखते हैं?
जवाब : अमेरिका हमारा बाप है क्या? अटल जी से सीख ले लेते। अपनी पार्टी के नेता से सीख लेते। कारगिल युद्ध में उनका क्या रुख था। हम तीसरे की मध्यस्थता क्यों स्वीकार करेंगे? सवाल : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की वीडियो शेयर करके क्या संदेश देना चाहते हैं?
जवाब : आपकी विचारधारा के लोगों को गांधी परिवार से चिढ़ है। लेकिन इंदिरा जी जैसा बनने के लिए बहुत कुछ सीखना पड़ता है। इंदिरा गांधी बातों और लफ्फाजों ​​​​​की नेता नहीं थी, इंदिरा जी रियल लीडर थीं। उन्होंने करके दिखाया था।निक्सन के साथ उनका क्या सलूक रहा था। वो करके दिखाया था। अमेरिका के प्रतिबंध के बावजूद भी वो अपनी बात पर अड़ी रहीं। इंदिरा जी से ना सही, लेकिन अपनी पार्टी के नेता अटल जी से सबक ले लेते। सवाल : अजय राय ने सवाल उठाया कि क्या राफेल नींबू मिर्च बांधने के लिए लाए थे?
जवाब : नींबू मिर्च की बात को बंद कर दीजिए। हमने तो घर में घुसकर बम मारे हैं। उन्होंने तो नींबू मिर्च उतारने की बात की थी, वो तो उतर गई। अब आगे की बात होनी चाहिए। ……………………………..
यह भी पढ़ें……
इमरान मसूद ने पूछा-पहलगाम के कातिल कहां हैं?:नेहा राठौर बोलीं- BSF जवान अभी भी पाकिस्तान की कैद में क्यों; यूपी में तिरंगा यात्रा रद्द भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच यूपी में रेड अलर्ट है। दोनों देशों के बीच शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर के बाद आज यूपी में तिरंगा यात्रा निकाली जानी थी। हालांकि, पाकिस्तान ने सीजफायर लागू होने के 3 घंटे बाद ही इसे तोड़ दिया। इसके चलते तिरंगा यात्रा रोक दी गई। यह भी पढें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *