भास्कर न्यूज|लुधियाना सराभा नगर स्थित श्री नव दुर्गा माता मंदिर के पास वर्षों पुरानी रामलीला स्टेज को जेसीबी से ढहा दिया गया, जिसके बाद इलाके में विवाद और विरोध खड़ा हो गया। मंदिर प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई वार्ड नंबर-55 की पार्षद अमृता वर्षा रामपाल के कहने पर की गई है। विरोध में लोगों ने पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। मंदिर ट्रस्ट प्रधान सुभाष दुग्गल, अनिल वस्सी, सतीश मल्होत्रा, राजेश सोनी और संजीव गुप्ता ने बताया कि यह स्टेज इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की खाली जमीन पर बनाई गई थी और कई वर्षों से रामलीला आयोजन के लिए उपयोग में लाई जा रही थी। वीरवार शाम को अचानक एक जेसीबी मशीन पहुंची और स्टेज को तोड़ दिया गया। इसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोग एकत्र होकर विरोध में उतर आए। स्थिति बिगड़ती देख थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस मौके पर पहुंची, और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। वहीं पार्षद अमृता वर्षा रामपाल ने इन आरोपों से स्पष्ट इनकार किया है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने जेसीबी भेजी और न ही उन्हें स्टेज गिराने की कोई जानकारी है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया।


