भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना गेट हकीमा के अंतर्गत इस्लामाबाद के ज्वाला एस्टेट इलाके में शुक्रवार रात एक मकान में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण घर में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार की सदस्य इंदु सहगल ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुई। उस समय वे घर में अकेली थीं। अचानक मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित बेडरूम से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने बेडरूम में रखी रजाइयों और कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मात्र 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आधे घंटे के भीतर ही आग पर काबू पा लिया। पुलिस अधिकारी तेजिंदर पाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।


