भास्कर न्यूज | सरायकेला जगन्नाथधाम पुरी की तर्ज पर सरायकेला में आयोजित होने वाली परंपरागत रथयात्रा इस वर्ष अति भव्य होने जा रही है, जिसका इंतजार और उत्साह दोनों ही सरायकेला के जगन्नाथ भक्तों में देखा जा रहा है। महाप्रभु जगन्नाथ इस वर्ष तैयार हो रहे नए आठ पहियों वाले भव्य रथ पर अपनी बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के साथ सवार होकर मौसीबाड़ी गुंडिचा मंदिर के लिए भक्तों से मिलते हुए जाएंगे। श्री जगन्नाथ सेवा समिति सरायकेला और जगन्नाथ भक्तों सहित स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन के अथक प्रयास से नया रथ निर्माण का कार्य लगभग साकार रूप ले चुका है। रथ निर्माण को लेकर एक ओर जहां लकड़ी के कार्य और विशेष रंगाई पुताई के कार्य पूरे किए जा चुके हैं, वहीं दूसरी ओर नेत्र उत्सव पर शिखर की स्थापना और नए आठ पहियों वाले रथ की वस्त्र सज्जा का कार्य संपन्न होगा। सभी धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न कराए जा रहे महाप्रभु श्री जगन्नाथ के नए आठ पहियों वाले रथ की वस्त्र सज्जा का कार्य ओडिशा के विश्व प्रसिद्ध पिपली में जारी है, जहां जगन्नाथधाम पुरी की रथ यात्रा के लिए महाप्रभु श्री जगन्नाथ के रथ की वस्त्र सज्जा करने वाले विशेष कारीगर के परिवार समूह के लोग सरायकेला के नए आठ पहियों वाले रथ की वस्त्र सज्जा के कार्य में लगे हुए हैं। श्री जगन्नाथ सेवा समिति क उपाध्यक्ष सनद आचार्य व जगन्नाथ भक्त लिपू मोहंती बताते हैं कि पिपली में तैयार किए जा रहे नए रथ के लिए वस्त्र सज्जा का कार्य जारी है, जो विधि विधान के साथ नेत्र उत्सव के अवसर पर नए रथ के वस्त्र सज्जा के साथ ससमय संपन्न होगा। सरायकेला की परंपरागत रथयात्रा में नया अध्याय जुड़ने की तैयारी है। पूर्व में रथ यात्रा के दौरान भक्तों द्वारा महाप्रभु श्री जगन्नाथ के रथ को ठेल कर मौसीबाड़ी गुंडिचा मंदिर तक पहुंचाया जाता था, परंतु इस वर्ष जगन्नाथ भक्त महाप्रभु श्री जगन्नाथ के नए आठ पहियों वाले रथ को परंपरागत तरीके से खींचकर मौसीबाड़ी गुंडिचा मंदिर तक पहुंचाएंगे। इसके लिए श्री जगन्नाथ सेवा समिति सरायकेला की ओर से तैयारी करते हुए 100-100 फीट की लंबाई के दो रस्से लाए गए हैं। जिसे महाप्रभु के रथ के दोनों ओर से जगन्नाथ भक्त इससे रथ को खींच सकेंगे। इसके साथ ही भक्तों की रथ खींचने की मंशा और आस्था में धक्का-मुक्की और कंपटीशन भी कम रहने की बात बताई जा रही है। इस प्रकार सभी भक्तों को महाप्रभु के रथ खींचने की आस्था का अवसर प्राप्त हो सकेगा। सरायकेला| राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले के सभी विद्यालयों में मिड डे मील चालू रहेगा। विद्यालय अन्य दिनों की तरह खुले रहेंगे, परंतु सुबह 6:00 बजे से लेकर 6:45 बजे तक विश्व युवा दिवस को लेकर छात्रों को योगाभ्यास कराया जाएगा। इसकी जानकारी जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार प्राधिकारियों को दी।


