कानोता | जेडीए ने ईकोलॉजिकल जोन में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आगरा रोड पर फिर से बसाई जा रही तीन अवैध कॉलोनियां ध्वस्त की। उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देशन में शुक्रवार को जोन-10 के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की निशानदेही पर प्रवर्तन दस्ते ने आगरा रोड स्थित 52 फीट हनुमानजी मंदिर के पास 4 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना स्वीकृति और भू-रूपांतरण के बनाई जा रही बाउंड्रीवाल, सीमेंट की सड़कें और अन्य निर्माण ध्वस्त किए। यह कॉलोनी पहले भी जेडीए द्वारा हटाई जा चुकी थी, लेकिन फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया था। इसी तरह विजयपुरा क्षेत्र में 27 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना अनुमति भूमि समतल कर बनाए जा रहे निर्माणाधीन मकानों के स्ट्रक्चर, बाउंड्रीवॉल व सड़कें ध्वस्त की गई।


