झारखंड के 44,438 सरकारी स्कूलों में इस मानसून में 40 लाख 7 हजार 840 पौधे लगाए जाएंगे। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के मुताबिक इनमें से 17,027 स्कूलों में अब तक 1.49 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। स्कूलों में जो पौधे लगाए जा रहे हैं, उनमें नीम, पीपल, अमरूद, आंवला, आम, जामुन और अढ़उल आदि हैं। पौधरोपण में रांची जिला टॉप पर है। यहां 1598 स्कूलों में अब तक सबसे ज्यादा 26,335 पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं दूसरे स्थान पर धनबाद है, जहां 1354 स्कूलों में 17,494 पौधे और पाकुड़ में 982 स्कूलों में 12,187 पौधे लगाए गए हैं। दरअसल राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में ईको क्लब की स्थापना की गई है। इसी ईको क्लब की ओर से पौधरोपण किया जा रहा है। इस क्लब में शिक्षक के साथ छात्र भी शामिल हैं। यह क्लब स्कूलों में पर्यावरण से संबंधित गतिविधियां संचालित करती है। इसी क्रम में पौधरोपण किया जा रहा है। इसके लिए वन विभाग की ओर से शिक्षा विभाग को 20 लाख पौधे नि:शुल्क दिए गए हैं। पौधरोपण के बाद पौधों की देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था स्कूलों की जिम्मेदारी होगी। शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि 40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य को वे जल्दी ही पूरा कर लेंगे। इधर, कल्याण विभाग और निजी स्कूलों में भी पौधरोपण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जगह की कमी के कारण कुछ स्कूलों में परेशानी शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जगह की कमी के कारण कई स्कूलों में पौधे लगाने में परेशानी हो रही है। छोटे स्कूलों या शहरी क्षेत्रों में, जहां खुली जगह कम होती है, वहां पौधे लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है। पठारी क्षेत्रों के स्कूलों में मिट्टी की गुणवत्ता भी एक समस्या है। इन कमियों को दूर करने के लिए गमलों या कंटेनरों में पौधरोपण पर विचार हो रहा है।


