भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक एवं विषयगत झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर वन विभाग द्वारा इको-टूरिज्म थीम पर प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। वन विभाग की झांकी में जिले की समृद्ध जैव विविधता, वन संरक्षण, स्थानीय जनजातीय समुदायों की सहभागिता तथा इको-टूरिज्म के माध्यम से आजीविका संवर्धन को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। झांकी ने यह संदेश दिया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए भी स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं सतत विकास संभव है। झांकी प्रतियोगिता में स्कूल शिक्षा विभाग की झांकी को द्वितीय स्थान, जबकि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। सभी विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। समारोह जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में गजेंद्र यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव ने हायर सेकंडरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया तत्पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के साथ ली गयी। मार्च पास्ट में 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ रही अव्वल गणतंत्र दिवस समारोह में आयोजित मार्च पास्ट प्रतियोगिता में 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष जिला बल दंतेवाड़ा को द्वितीय तथा महिला जिला बल को तृतीय स्थान मिला। शस्त्र रहित मार्च पास्ट में एनसीसी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा को प्रथम एवं स्काउट हायर सेकेण्डरी स्कूल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।


