ईद पर हिंदू छात्रों से नमाज पढ़वाई…8 पर FIR:बिलासपुर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र बोले- NSS को-ऑर्डिनेटर ने मुस्लिम धर्म अपनाने ब्रेन वॉश किया

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में नमाज कांड पर मचे बवाल के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शनिवार को NSS को-ऑर्डिनेटर दिलीप झा समेत 8 लोगों के खिलाफ कोनी थाने में केस दर्ज किया है। आरोप है कि, NSS कैंप के दौरान 155 हिंदू छात्रों को जबरन नमाज पढ़वाई गई थी। कैंप में 159 छात्र थे, इनमें 4 ही मुस्लिम थे। मामला सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने यूनिवर्सिटी का घेराव कर जमकर बवाल किया था। इसके साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। छात्रों ने आरोप लगाया कि, उनको मुस्लिम धर्म में कन्वर्ट कराने के लिए यह तरीका अपनाया गया था। इस बहाने उनका ब्रेन वॉश भी किया गया। छात्रों के मुताबिक, विरोध करने पर उन्हें धमकी और सर्टिफिकेट नहीं देने की चेतावनी भी दी गई। छात्रों का आरोप- योगा क्लास में नमाज पढ़ने मजबूर किया छात्रों ने अपनी शिकायत में बताया है कि जब एनएसएस कैंप में रोज सुबह योग क्लास लगाई जाती था, तब वहां हिंदू छात्रों को नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया जाता था। छात्रों ने नमाज पढ़ने का विरोध भी किया। लेकिन, प्रोग्राम ऑफिसर और कोआर्डिनेटर उन्हें डराते-धमकाते रहे और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के साथ ही सर्टिफिकेट नहीं देने की चेतावनी देते रहे। छात्रों ने बताया कि बाकी दिनों की तरह एनएसएस कैंप में सुबह 6:15 से 7:00 बजे योग करने छात्र एकजुट हुए, इसमें कुल 159 छात्र कैंप में थे। इसमें 4 छात्र मुस्लिम थे। 31 मार्च को मुसलमानों का त्योहार ईद उल फितर था अचानक से कोऑर्डिनेटर ने चारों मुस्लिम छात्रों को मंच पर बुलाया। बाकी छात्रों को मुस्लिम छात्रों की तरह मंच पर नमाज अदा करने की प्रक्रिया को दोहराने और सीखने का आदेश दिया। 17 अप्रैल को यूनिवर्सिटी लेवल पर बयान लिए गए थे बवाल बढ़ने पर कुलपति प्रो.चक्रवाल के निर्देश पर बनी फैक्ट फाइडिंग कमेटी ने जांच शुरू की। 17 अप्रैल को कमेटी ने NSS कैंप में शामिल होने वाले 159 स्टूडेंट्स को बुलाया लेकिन, 117 छात्र ही यूनिवर्सिटी पहुंचे। इन छात्रों से बयान लिए गए। शिकायतकर्ता जो छात्र हैं उन्हें भी जांच कमेटी ने बुलाया था। उनका कहना है कि, जांच के दौरान भी अफवाहें फैलाई गई। हालांकि शिकायतकर्ता जो छात्र हैं उनके अलावा बाकी छात्र मीडिया के सामने नहीं आ रहे। शिकायतकर्ता छात्रों ने क्या कहा- NSS ऑफिस में हम लोग बयान देने गए हुए थे। वहां स्क्रिप्ट दी गई जिसे सिर्फ यस-नो में भरना था। किसी से भी अलग से बुलाकर उनका ओपिनियन नहीं लिया गया। बस एक सर ने कहा कि, किसी को कुछ कहना हो तो वो मेरे ऑफिस में 4 बजे तक आ सकते हैं। CSP बोलीं- NSS कोआर्डिनेटर सहित अन्य पर केस पुलिस की मीडिया प्रभारी और CSP रश्मित कौर चावला ने कहा कि, NSS कैम्प में शामिल छात्रों के आवेदन पर जांच की गई। जिसमें छात्रों ने शिविर में नमाज पढ़वाकर धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाने की बात कही है। उनके बयान के आधार पर NSS को-ऑर्डिनेटर प्रो.दिलीप झा, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. ज्योति वर्मा, डॉ. नीरज कुमारी, डॉ. प्रशांत वैष्णव, डॉ. सूर्यभान सिंह, डॉ. बसंत कुमार और टीम कोर लीडर छात्र आयुष्मान चौधरी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। केस में घटनास्थल कोटा थाना क्षेत्र बताया गया है। लिहाजा, मामले की जांच के लिए केस डायरी कोटा थाना भेजी गई है। ————————- इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… हिंदू संगठन बोले- GGU नहीं बनेगा JNU:बिलासपुर सेंट्रल यूनिवर्सिटी में किया प्रदर्शन, पुलिस से झड़प; कुलपति को हटाने की मांग छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के NSS कैंप में हिंदू छात्रों को जबरन नमाज पढ़ाने के विरोध में हिंदूवादी संगठनों विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर चढ़कर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने वाइस चांसलर को हटाने की मांग करते हुए “GGU नहीं बनेगा JNU” जैसे नारे लगाए। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *