भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह में शुक्रवार को मजहब-ए-इस्लाम के प्रवर्तक पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहे वसल्लम के जन्मदिन के मौके पर तंजीम अहले सुन्नत के नेतृत्व में जुलूस-ए-मोहम्मदी बड़े ही अदब, अमन और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस की शुरुआत मौलाना आज़ाद चौक से हुई, जो मुस्लिम बाज़ार और बड़ा चौक होते हुए बरवाडीह कर्बला मैदान में सभा का आयोजन हुआ। जिसकी अध्यक्षता तंजीम अहले सुन्नत के जनरल सेक्रेटरी इरशाद अहमद वारिस ने की, जबकि मंच संचालन मौलाना गुलाम हैदर ने किया। सभा को संबोधित करते हुए हाफिज आसिफ इकबाल ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब रहमतुल्लाह आलमीन बनकर पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर अमन, भाईचारा, इंसानियत और देशभक्ति के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए। ताकि देश और दुनिया में अमन शांति बना रहे। सभा में कई वक्ताओं ने मोहम्मद साहब की जिंदगी पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, सहनशीलता, इंसाफ और इंसानियत को अपनाने का संदेश दिया। सभा में राज्य के नगर विकास मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार और राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने भी मंच साझा किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मोहम्मद साहब के जीवन आदर्शों को अपनाने और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। ताकि हर लोगों की जीवन में खुशहाली बना रहे। सभा के अंत में यूनुस फरीदी द्वारा सलातो-सलाम पेश किया गया। मौलाना गुलाम हैदर ने मुल्क की अमन-चैन, भाईचारे और एकता के लिए दुआ की। सभा की समाप्ति की घोषणा मास्टर मोहम्मद अख्तर अंसारी ने की।


