ईब नदी पर बनेगा पुल, 4.30 करोड़ की लागत से सुधरेगा ट्रैफिक

भास्कर न्यूज ​| जशपुरनगर जशपुर जिले के कुनकुरी से रनपुर मार्ग के बीच स्थित ईब नदी पर बहुप्रतीक्षित उच्चस्तरीय पुल निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। सोमवार को प्रस्तावित पुल के निर्माण को लेकर भव्य भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कौशल्या देवी साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल्या देवी साय ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट और कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पुल का निर्माण पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण, मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल एक संरचना नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का भी आग्रह किया। कौशल्या साय ने कहा कि इस उच्चस्तरीय पुल के निर्माण से क्षेत्र की जनता को सुगम, सुरक्षित और सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी। अब बारिश के दिनों में नदी उफान पर आने से मार्ग बाधित नहीं होगा। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास की रोशनी गांव-गांव तक पहुंचे और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ मिले। कौशल्या साय ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे बगिया स्थित कैंप कार्यालय में सीधे अपनी बात रख सकते हैं। समाधान में कुछ समय लग सकता है, लेकिन निवारण अवश्य किया जाएगा। यह उच्चस्तरीय पुल लगभग 4.30 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसके निर्माण से कुनकुरी और रनपुर मार्ग के बीच वर्षों से चली आ रही एक बड़ी बाधा समाप्त हो जाएगी। बरसात के मौसम में ईब नदी का जलस्तर बढ़ने से अक्सर संपर्क टूट जाता था, जिससे ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता था। कई बार स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और दैनिक जरूरतों के लिए आने-जाने वाले लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *