ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना: 35 लाख आबादी को मिलेगा शुद्ध पानी!:4,058 करोड़ की लागत से दौसा–सवाई माधोपुर के 1256 गांवों तक नल से जल पहुंचाने का दावा

राजस्थान लंबे समय से पेयजल संकट से जूझता रहा है, जिसका असर आम जनजीवन के साथ-साथ कृषि और पशुपालन पर भी पड़ता रहा है। ऐसे में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना दौसा और सवाई माधोपुर जिलों के लिए बड़ी राहत साबित होने का जलदाय विभाग की ओर से दावा किया जा रही है। विभाग का दावा है कि इस परियोजना पर कुल 4 हजार 58 करोड़ रुपए की लागत आएगी। परियोजना के माध्यम से दौसा और सवाई माधोपुर जिलों के 1,256 गांवों और 6 कस्बों में 3 लाख 6 हजार 198 घरेलू जल कनेक्शन किए जाएंगे। इससे वर्ष 2054 की अनुमानित जनसंख्या के अनुसार करीब 35 लाख लोगों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा। पर्याप्त जल उपलब्धता से किसानों और पशुपालकों को भी सीधा लाभ मिलेगा। प्रथम पैकेज: फिल्टर प्लांट और ट्रांसमिशन पाइपलाइन का कार्य प्रगति पर प्रथम पैकेज के तहत 225 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट, दो स्वच्छ जलाशयों—ईसरदा (24.5 एमएल) और बगड़ी (21.5 एमएल), दो पंप हाउस और इनटेक वेल से महुआ तक कुल 341 किमी ट्रांसमिशन पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। अब तक 286 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। वर्तमान में मुख्य ट्रांसमिशन पाइपलाइन, क्वार्टर, गेस्ट हाउस, स्वच्छ जलाशय और फिल्टर प्लांट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। द्वितीय पैकेज: ईसरदा बांध पर इनटेक वेल और पंप हाउस द्वितीय पैकेज के अंतर्गत ईसरदा बांध पर इनटेक वेल और पंप हाउस (भवन निर्माण) का कार्य किया जा रहा है। इस पैकेज की अनुमानित लागत 17.82 करोड़ रुपए है। तृतीय पैकेज (अ): लालसोट क्लस्टर तृतीय पैकेज (अ) के तहत लालसोट क्लस्टर में शामिल 302 गांवों की 5 लाख 57 हजार 652 आबादी (2054 अनुमान) को 33 हजार 460 जल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही लालसोट शहर की 69 हजार 35 आबादी भी लाभान्वित होगी। वर्तमान में पाइपलाइन सप्लाई और स्वच्छ एवं उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य जारी है। तृतीय पैकेज (ब): दौसा क्लस्टर तृतीय पैकेज (ब) के अंतर्गत दौसा क्लस्टर के 248 गांवों की 5 लाख 92 हजार 868 आबादी को 39 हजार 250 जल कनेक्शन के जरिए पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं दौसा शहर की 1 लाख 79 हजार 790 आबादी को भी इस परियोजना से लाभ मिलेगा। चतुर्थ पैकेज: बसवा और सिकराय क्लस्टर चतुर्थ पैकेज के तहत बसवा और सिकराय क्लस्टर में शामिल 368 गांवों की 9 लाख 81 हजार 746 आबादी को 58 हजार 562 जल कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा बांदीकुई शहर की 1 लाख 56 हजार 800 आबादी को भी पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इस पैकेज का कार्यादेश जारी हो चुका है। क्लस्टर के तहत कुल 2077 किमी पाइपलाइन बिछाई जानी है, जिसमें से अब तक 1666 किमी पाइपलाइन का कार्य पूरा किया जा चुका है। फिलहाल पाइपलाइन सप्लाई और जलाशयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंचम पैकेज: महुआ पंचम पैकेज के अंतर्गत महुआ क्षेत्र में पाइपलाइन सहित स्वच्छ एवं उच्च जलाशयों का निर्माण किया जा रहा है। इस पैकेज में कुल 315 किमी पाइपलाइन प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक 208 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। षष्ठम पैकेज: सवाई माधोपुर जिले के तीन क्लस्टर छठे पैकेज का कार्य परियोजना खंड सवाई माधोपुर द्वारा संपादित किया जा रहा है। इसके तहत बौंली तहसील के 99 गांव, मलारना डूंगर तहसील के 61 गांव और चौथ का बरवाड़ा तहसील के 17 गांवों को पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित किया जाएगा। जल सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना को राजस्थान में जल सुरक्षा और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने पर लाखों लोगों को नल से जल मिलेगा, जिससे क्षेत्र में जीवन स्तर, कृषि उत्पादन और पशुपालन को नई मजबूती मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *