सतना शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘हमारे शिक्षक’ ऐप में गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण ई-हाजिरी प्रणाली पूरी तरह चरमरा गई। सतना और मैहर जिलों में कुल 3,896 शिक्षक अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाए। शिक्षकों, अतिथि शिक्षकों, प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को लॉगिन, लॉग-आउट और उपस्थिति दर्ज न होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। ऐप में लॉगिन सफल होने के बाद भी लगातार ‘अनुपस्थित’ स्टेटस दिख रहा था, और स्क्रीन पर एरर-402, 502 जैसे कोड प्रदर्शित हो रहे थे, जिससे उपस्थिति दर्ज कराना असंभव हो गया। नेटवर्क की तलाश में छतों और बाउंड्री पर चढ़े शिक्षक
सुबह 10 बजे की अनिवार्य समय-सीमा के दबाव में शिक्षकों ने नेटवर्क तलाशने के लिए स्कूल की बाउंड्री और छत पर चढ़ने जैसे हर संभव प्रयास किए, लेकिन सिस्टम ने साथ नहीं दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या और गंभीर रही। सतना के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र परसमनिया और मैहर जिले के रामनगर कस्बे से सबसे अधिक शिकायतें मिलीं। अतिथि शिक्षकों को विशेष रूप से यह आशंका थी कि ड्यूटी पर मौजूद होने के बावजूद उनकी उपस्थिति सिस्टम में अनुपस्थित न दर्ज हो जाए। 3896 शिक्षक ऐप पर नहीं लगा पाए हाजिरी
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सतना और मैहर जिले के कुल 3,896 शिक्षक ऐप में हाजिरी दर्ज नहीं कर सके। इनमें सतना के 3,014 और मैहर के 882 शिक्षक शामिल हैं। सतना में 2,081 नियमित शिक्षक, 211 अतिथि शिक्षक और 722 प्राचार्य/प्रधानाध्यापक प्रभावित हुए, जबकि मैहर में 594 शिक्षक, 94 अतिथि शिक्षक और 194 प्राचार्य/प्रधानाध्यापक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाए। विभागीय स्तर पर त्रुटि सुधार के प्रयास जारी हैं, लेकिन इस घटना ने डिजिटल हाजिरी प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देखें शिक्षकों की परेशानी की 2 तस्वीर


