ई-ऑफिस में लापरवाही पर सिविल सर्जन कार्यालय के लेखापाल निलंबित:राजगढ़ में सहायक संचालक रेशम का वेतन रोका, सीईओ खिलचीपुर पर 5 हजार जुर्माना

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों, अनुपस्थिति और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सिविल सर्जन कार्यालय के लेखापाल को ई-ऑफिस में लॉगिन न करने के कारण निलंबित कर दिया गया। ई-ऑफिस में फाइल डिस्पोजल में खराब प्रदर्शन के लिए सहायक संचालक रेशम का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 8 आवेदन समय सीमा से बाहर निपटाने पर सीईओ जनपद खिलचीपुर गोविंद सिंह सोलंकी पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। मंडी सचिव पर कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा
सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का संतोषजनक समाधान न करने पर मंडी सचिव अशोक कुमार राठौर के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव आयुक्त को भेजने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, ईई मोहनपुरा-कुंडालिया को 163 लंबित कार्यालयीन प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने का आदेश दिया गया। ईई डब्ल्यूआरडी सुठालिया को फाइल डिस्पोजल में खराब प्रदर्शन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सार्थक ऐप पर जॉब अटेंडेंस न लगाने वाले कर्मचारियों के वेतन भी रोके गए। बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
बैठक में अनुकंपा नियुक्तियों के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने और रोजगार मेले की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य सभी व्यवस्थाओं में सुधार, समयबद्ध निराकरण और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. मिश्रा ने कहा कि लंबित प्रकरण, अनुपस्थिति या समय सीमा उल्लंघन पर वेतन रोकने, निलंबन और जुर्माना जैसी सख्त कार्रवाई तत्काल की जाएगी। बैठक के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में जवाबदेही का माहौल बन गया है। कलेक्टर ने साफ संदेश दिया कि हर स्तर पर प्रशासन त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *