भास्कर न्यूज | जालंधर सीबीएसई बोर्ड की ओर से लेखन कौशल निखारने के लिए एनसीईआरटी की ई-पत्रिका- ‘सपनों की उड़ान’ के जुलाई 2025 अंक के लिए एंट्री मांगी गईं हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि ई-पत्रिका के लिए इच्छुक स्टूडेंट्स, शिक्षक, अभिभावक और कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। इस बार के अंक का विषय- ‘मेरी रंग-बिरंगी गर्मी की छुट्टियां- कहानियों, धूप और आत्म-खोज की एक ऋतु है। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और कर्मचारियों से अनुरोध किया गया है कि वे इस विषय पर अपनी मौलिक रचनाएं भेजें। एंट्री 29 जून को शाम चार बजे तक भेजी जा सकती हैं। जारी पत्र में कहा गया है कि रचनाएं- कविता, कहानी, लेख, संवाद, निबंध, चित्र, पोस्टर, यात्रा-वृत्तांत, प्रोफाइल, फोटोग्राफी, लेख, आत्म-चिंतन और करियर गाइडेंस जैसे रूप में हो सकती हैं। वहीं कविताएं 12 से 32 पंक्तियों की, कहानियां 600 से 1200 शब्दों की, लेख 700 से 1500 शब्दों के, संवाद या नाटक 400 से 700 शब्दों के, निबंध 500 से 800 शब्दों के, प्रोफाइल 400 से 800 शब्दों के, यात्रा-वृत्तांत 800 से 1200 शब्दों के, आत्म-चिंतन 500 से 1000 शब्दों के और राज्य आधारित रचनाएं 500 शब्दों तक सीमित होनी चाहिए। फोटोग्राफी और चित्र उच्च गुणवत्ता (300 डीपीआई) में होनी चाहिए। फोटोग्राफ्स में किसी व्यक्ति की उपस्थिति नहीं होनी चाहिए। मशीन जनरेटिड या नकल की गई सामग्री को अयोग्य माना जाएगा। रचनाएं यूनिकोड फॉन्ट (14 पॉइंट साइज) और 1.5 लाइन स्पेसिंग में डॉक, डॉक्स या पीडीएफ में होनी चाहिए। रचनाकार अपनी रचना को https://forms.gle/43 JSRvh5Y9MTpxvy8 को नाम, कक्षा, स्कूल या संस्था का नाम और पते के साथ अपलोड कर सकते हैं। वहीं अधिक जानकारी के लिए emagazine@cbseshiksh a.in पर मेल भी कर सकते हैं।


