बालाघाट में आयोजित राज्य स्तरीय महाविद्यालयीन पुरुष और महिला हॉकी प्रतियोगिता में उज्जैन का दबदबा रहा। उज्जैन की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर दोहरा खिताब हासिल किया। यह प्रतियोगिता उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अनुसार 9 दिसंबर से खेली जा रही थी, जिसका समापन 12 दिसंबर को हुआ। नगर के सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबलों में पुरुष वर्ग में उज्जैन ने इंदौर को 5-1 से पराजित किया। वहीं, महिला वर्ग में उज्जैन ने जबलपुर को 2-1 से हराया। विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथि आईजी संजय कुमार के हाथों ट्रॉफी प्रदान की गई। सिवनी महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी केसी राउर ने बताया कि शासन के खेल कैलेंडर के तहत आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 9 संभागों की टीमों ने हिस्सा लिया था। इनमें सागर, रीवा, इंदौर, शहडोल, छिंदवाड़ा, छतरपुर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर के महाविद्यालयों की टीमें शामिल थीं।


