जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय उज्जैन ने प्रशासनिक उत्कृष्टता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। यह सम्मान पूरे देश में अहमदाबाद के बाद उज्जैन जिला शिक्षा कार्यालय को प्राप्त हुआ है। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उज्जैन देश का दूसरा जिला है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा कार्यालयीन व्यवस्था को पूर्णतः सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं नागरिक हितैषी बनाए जाने के लिए व्यापक स्तर पर सुधार किए गए। कार्यालय के प्रत्येक कक्ष को सुसज्जित कर नामकरण किया गया। अभिलेखों का वैज्ञानिक पद्धति से संधारण किया और पुराने रिकॉर्ड को भंडार कक्ष में व्यवस्थित रूप से संरक्षित किया गया। इसके साथ ही कार्यालय में सभाकक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कक्ष और आईटी सेल का निर्माण किया गया। कार्यालय तक आने वाले पहुंच मार्ग पर पौधारोपण कर परिसर को हरित एवं सुंदर बनाया है। स्वच्छता के विशेष मानकों के अंतर्गत शौचालयों को स्वच्छ एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया है। पानी की व्यवस्था, सफाई एवं पेयजल के लिए आरओ प्रणाली की स्थापना की गई। सुधारात्मक व नवाचारात्मक कार्यों के परिणामस्वरूप जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को आईएसओ प्रमाण पत्र दिया। यह प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सांदीपनि विद्यालय, महाराजवाड़ा क्रमांक-3 में भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी को प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र देते हुए मुख्यमंत्री।


