उज्जैन में अजाक्स संगठनों ने शनिवार को आईएएस संतोष वर्मा के समर्थन में रैली निकाली। फ्रीगंज टावर चौक से कोठी पैलेस प्रशासनिक संकुल तक निकाली गई इस रैली के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संगठनों ने संतोष वर्मा को फिर से बहाल करने की मांग की है। यह कार्रवाई अजाक्स संगठन के प्रांतीय अधिवेशन में आईएएस संतोष वर्मा द्वारा दिए गए एक बयान के बाद की गई थी। शासन ने वर्मा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया था। इसके विरोध में अजाक संगठनों द्वारा लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। बुद्धिस्ट समाज के शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि आईएएस संतोष वर्मा के उद्बोधन को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन ने बिना उचित विचार-विमर्श, तथ्यों की निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया अपनाए बिना वर्मा को पद से हटाया है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया और आईएएस वर्मा के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस नहीं ली गई, तो 18 जनवरी को भोपाल में प्रदेश स्तरीय बड़ा आंदोलन किया जाएगा। रैली में अजाक्स संगठन, भीम आर्मी, भारतीय बौद्ध महासभा, राष्ट्रीय बौद्ध महासभा, डोमा परिसंघ, आजाद समाज पार्टी, गुजराती बलाई युवा संगठन, मालवीय बलाई समाज संगठन, रविदास सेवक संघ और गुजराती सूर्यवंशी समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


