उज्जैन में चाइनीज मांझे से दो बड़े हादसे:बाइक से जाते समय युवक का गला कटा; महिला के पैर कटने पर 7 टांके आए

उज्जैन में मकर संक्रांति से एक दिन पहले प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से दो गंभीर हादसे हुए। बुधवार, 14 जनवरी को हुई इन घटनाओं में एक युवक का गला कट गया, जबकि एक महिला के पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को शासकीय चरक भवन अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहली घटना में 28 वर्षीय युवक अंतर बंजारा का गला कट गया। दूसरी घटना में 45 वर्षीय सीमा पति भीमराज के दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों ने समय रहते उपचार कर दोनों की जान बचाई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। शासकीय चरक भवन के ईएनटी सर्जन डॉ. विश्राम रत्नाकर ने बताया कि बुधवार दोपहर तक मांझे से घायल होने के कुल चार मामले सामने आए। इनमें से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले एक महीने में गला, नाक और कान कटने के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। रतलाम निवासी अंतर बंजारा (28) उज्जैन के उन्हेल-नागदा बायपास पर ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे आगर नाके के पास बाइक से जाते समय उसके गले में मांझा उलझ गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के गले में आठ टांके आए हैं। दूसरी घटना फाजलपुरा नगरकोट क्षेत्र की रहने वाली सीमा पति भीमराज (45) के साथ हुई। वह सब्जी खरीदने निकली थीं, तभी सड़क पर खिंचा हुआ मांझा उनके पैरों में उलझ गया। इससे उनके दोनों पैरों में गंभीर कट लगे और एक पैर में सात टांके आए। इन हादसों के बावजूद पुलिस प्रशासन चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग के खिलाफ लगातार सख्ती कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *